Weather Updates : होली के पहले देश के 7 राज्यों में आंधी-पानी की आशंका, Alert जारी
नई दिल्ली। पूरे देश में मौसम की उथल-पुथल जारी है। कहीं गर्मी तो कहीं बारिश ने लोगों को तंग किया हुआ है। भारतीय मौसम विभाग ने अपने ताजा अपडेट में कहा है कि आज से लेकर होली तक देश के करीब 7 राज्यों में आंधी-पानी की आशंका है, इसलिए उसने उन जगहों पर अलर्ट जारी किया है। जिन सात जगहों पर मौसम विभाग की चेतावनी जारी हुई है, उनके नाम हैं पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र, जहां तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि होने की आशंका है, हालांकि होली के बाद इन जगहों पर तेजी से तापमान बढ़ने के भी आसार हैं।
Recommended Video

देश के 7 राज्यों में आंधी-पानी की आशंका
विभाग ने कहा है कि पश्चिमी विक्षोभ के चलते देश में बारिश का माहौल बना हुआ है। आईएमडी ने इस बारे में एक ट्वीट भी किया है, जिसमें उसने कहा कि आज शाम तक मैनपुरी, शिकोहाबाद, फिरोजाबाद, टूंडला, एटा, जलेसर, सादाबाद, हाथरस, आगरा में बादल बरस सकते हैं। होली के बाद दिल्ली समेत देश के कई राज्यों में पारा 35 डिग्री के आस-पास जा सकता है और विभाग ने पहले ही सचेत किया हुआ है कि देश में इस बार ज्यादा गर्मी पड़ने के आसार हैं।

मौसम के प्रति सचेत रहने की जरूरत
मौसम विभाग ने लोगों को मौसम के प्रति सचेत रहने को भी कहा है, विभाग ने कहा है कि शिशुओं, बुजुर्गों और गंभीर बीमारी से ग्रसित लोगों को थोड़ा सावधान रहने की जरूरत है और बिना जरूरत घर से बाहर नहीं निकलने को कहा गया है।

तापमान 37-38 डिग्री तक जा सकता है
हालांकि मौसम विभाग ने कहा है कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण दिल्ली-एनसीआर में आज और कल भी हल्की बारिश संभव है लेकिन शुक्रवार से मौसम में तब्दीली आएगी और पारा एकदम से चढ़ेगा। IMD के क्षेत्रीय मौसम पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा कि शुक्रवार से तापमान फिर से बढ़ने की संभावना है। पूर्वानुमान कहता है कि होली के आसपास, जो सोमवार को है, अधिकतम तापमान 37-38 डिग्री सेल्सियस के आसपास छूने की संभावना है।
'हीटवेव' किसे कहते हैं
आपको बता दें कि आमतौर पर भारत में मार्च और जून के बीच 'हीटवेव' होती है। जब किसी स्थान के लिए अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जाता है और दिन का तापमान सामान्य अधिकतम तापमान से 4 से 5 डिग्री अधिक होता है, तो मौसम विभाग इसे 'हीटवेव' घोषित कर देता है। जब अधिकतम तापमान 45 डिग्री को पार कर जाता है या सामान्य से 6 डिग्री से अधिक होता है तो इसे 'गंभीर हीटवेव' कहते हैं।












Click it and Unblock the Notifications