जेपी नड्डा पर हमले का मामला: गृह मंत्रालय की बैठक में DGP और मुख्य सचिव को भेजने से ममता सरकार का इनकार
गृह मंत्रालय की बैठक में शामिल नहीं होंगे बंगाल के DGP और मुख्य सचिव
नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल में गुरुवार को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के काफिले पर हमले के मामले में गृह मंत्रालय ने पश्चिम बंगाल के चीफ सेक्रेटरी और डीजीपी को नोटिस भेजा है। दोनों अफसरों को 14 दिसंबर (सोमवार) को तलब किया गया है। वहीं राज्य सरकार की ओर से शुक्रवार को साफ कर दिया गया है कि दोनों अफसर गृह मंत्रालय की ओर से जो नोटिस आया है, उस पर बैठक में शामिल नहीं होंगे। राज्य सरकार की ओर से मुख्य सचिव ने केंद्र को लिखे पत्र में कहा कि मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक केंद्रीय गृह सचिव के साथ बैठक में शामिल नहीं होंगे क्योंकि घटना की पहले से ही जांच की जा रही है।

पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव अलप्पन बंदोपाध्याय ने डायमंड हार्बर में भाजपा प्रमुख जेपी नड्डा के काफिले पर हमले और इसके बाद हुई कार्रवाई की जानकारी देते हुए केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला को लिखे पत्र में कहा है कि कार्यक्रम के लिए सुरक्षा के विषेश इंतजाम किए गए थे। डीआईजी (पुलिस) रेंज वहां व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए तैनात थे। डायमंड हार्बर स्थल पर 4 एडीशनलल एसपी, 8 डीएसपी, 14 इंस्पेक्टर, 70 एसआई/एएसआई, 40 आरएएफ के जवान, 259 कांस्टेबल, सहायक बलों के 350 सदस्यों को मार्ग पर तैनात किया गया था। इस संबंध में 3 मामले दर्ज किए गए हैं, जबकि उनमें से दो तोड़फोड़ को लेकर हैं। इन 2 मामलों में 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने राज्य की कानून व्यवस्था पर रिपोर्ट गृह मंत्रालय को भेजी है। जिसमें जेपी नड्डा और अन्य बीजेपी नेताओं की सुरक्षा में कमी होने की बात कही गई है। जिसके बाद इस मामले में गृह मंत्रालय ने अब पश्चिम बंगाल में कानून-व्यवस्था को लेकर मुख्य सचिव अलप्पन बंदोपाध्याय और डीजीपी वीरेंद्र को तलब किया।
Recommended Video
बता दें कि गुरुवार को 24 परगना जिले जाते वक्त डायमंड हार्बर इलाके में जेपी नड्डा का काफिला रोकने की कोशिश की गई थी और उनके काफिले पर पत्थर फेंके गए। भाजपा की ओर से कहा गया है कि टीएमसी के लोगों ने उनकी गाड़ी पर हमला किया है। वहीं टीएमसी की ओर से कहा गया है कि ये सब भाजपा की साजिश है क्योंकि इन सभी नेताओं को भारी सुरक्षा हासिल है। ऐसे में इन पर कोई पत्थर कैसे फेंक सकता है।












Click it and Unblock the Notifications