West Bengal SIR Row: ‘1 करोड़ वोट गायब किए जा रहे’, नए वोटर लिस्ट पर ममता बनर्जी का EC-BJP पर बड़ा आरोप
West Bengal SIR Row: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (TMC) प्रमुख ममता बनर्जी ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर भाजपा और चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि SIR के दौरान मतदाताओं की मैपिंग में बड़ी गलतियां की गई हैं, जिससे लाखों लोगों के वोट देने का अधिकार छीना जा सकता है।
ममता का आरोप है कि भाजपा लोकतंत्र को कमजोर करने की साजिश कर रही है और खास तौर पर मतुआ समुदाय के वोटों को निशाना बनाया जा रहा है।

SIR में 1.5 करोड़ वोटरों के नाम हटाने का आरोप
ममता बनर्जी ने कहा कि कई इलाकों में जानबूझकर गलत तरीके से मतदाताओं के नाम जोड़े या हटाए गए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर इस काम में उनकी पार्टी के पार्षद, सभासद या कार्यकर्ता लापरवाह पाए गए, तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई होगी। ममता ने साफ कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत रहना होगा। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि भाजपा पश्चिम बंगाल की वोटर लिस्ट से करीब 1.5 करोड़ लोगों के नाम हटाना चाहती है। उनके मुताबिक, यह निष्पक्ष चुनाव को नुकसान पहुंचाने की कोशिश है।
TMC हर वोट की रक्षा करेगी: ममता
ममता बनर्जी ने कहा कि TMC किसी भी कीमत पर ऐसा नहीं होने देगी और हर मतदाता के अधिकार की रक्षा करेगी। बीएलए-2 (बूथ लेवल एजेंट) की बैठक में ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आयोग भाजपा के दबाव में काम कर रहा है। उनके इस बयान के बाद चुनाव आयोग की निष्पक्षता को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है।
"बंगाल के बिना भारत अधूरा"
ममता बनर्जी ने भावुक अंदाज में कहा कि बंगाल का भारत के इतिहास और लोकतंत्र में अहम योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि "बंगाल के बिना भारत की कल्पना नहीं की जा सकती।" उनके इस बयान को बंगाल की पहचान और सम्मान से जोड़कर देखा जा रहा है।
बाहरी लोगों को लाने का आरोप
ममता बनर्जी ने भाजपा पर यह भी आरोप लगाया कि वह चुनाव के दौरान दूसरे राज्यों से लोगों को बंगाल लाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने दावा किया कि बर्दवान में बिहार नंबर की कई मोटरसाइकिलें देखी गईं, जिससे चुनाव को प्रभावित करने की आशंका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस हर मतदाता के अधिकार की रक्षा करेगी।
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे सतर्क रहें और लोगों को जागरूक करें, ताकि कोई भी अपने वोट के अधिकार से वंचित न हो। ममता बनर्जी के इन बयानों के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। चुनाव नजदीक आते ही भाजपा और TMC के बीच टकराव बढ़ता दिख रहा है। अब सबकी नजर भाजपा और चुनाव आयोग की प्रतिक्रिया पर टिकी है।












Click it and Unblock the Notifications