WB Lok Sabha Chunav: पीएम मोदी की रैलियों की संख्या में बंगाल आगे क्यों? क्या बदल रही है चुनावी तस्वीर
West Bengal Lok Sabha Election: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैलियों की संख्या के मामले में लगता है कि इस बार पश्चिम बंगाल सबसे आगे निकल जाएगा। चुनाव की घोषणाओं के बाद रविवार यानी 19 मई तक पीएम मोदी की राज्य में रैलियों की संख्या 15 तक पहुंच रही है। पीएम मोदी सोमवार को भी बंगाल में 2 रैलियां करने वाले हैं।
कुल मिलाकर इस साल मार्च से अंतिम चरण तक प्रधानमंत्री मोदी की बंगाल में सभाओं की संख्या 25 तक पहुंच जाएगी, जो इस साल किसी भी राज्य के लिए सबसे ज्यादा होगी। इसके साथ ही पीएम मोदी कोलकाता में एक रोडशो भी करने वाले हैं और रविवार को पुरुलिया में भी उनका एक रोडशो हुआ है।

बीजेपी को बंगाल में 30 सीटें तक जीतने का भरोसा
बंगाल में लोकसभा की 42 सीटें हैं। चुनावों की घोषणा से कुछ समय पहले केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की ओर से खबरें आई थीं कि उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को राज्य में 35 सीटें जीतने का लक्ष्य दिया है। वैसे हाल के एक इंटरव्यू में उन्होंने दावा किया है कि पार्टी को यहां 24 से 30 तक सीटें मिल सकती हैं। पिछली बार भाजपा 18 और टीएमसी 22 सीटें जीती थी।
चुनाव की घोषणाओं से पहले ही शुरू हो गई पीएम मोदी की रैली
इसके लिए प्रधानमंत्री ने बंगाल पर शुरू से ही काफी फोकस कर रखा है। चुनावों की घोषणा होने से कुछ समय पहले ही पीएम मोदी राज्य में चार रैलियां कर आए थे। बंगाल बीजेपी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा, 'उन्होंने बारासात रैली के दौरान राज्य के विकास और उसमें महिलाओं की भूमिका पर ध्यान केंद्रित करके माहौल तैयार कर दिया था।'
पूर्वोदय पर फोकस किया- भाजपा नेता
बंगाल में भाजपा के प्रदेश महासचिव जगन्नाथ चटोपाध्याय के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चार राज्यों पर फोकस किया है। ओडिशा, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और बंगाल के देश के पूर्वी भाग और तटीय क्षेत्रों के लिए उनकी विकास योजनाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की संभावना है।
उन्होंने कहा, 'उन्होंने पूर्वोदय पर फोकस किया और अगर इन राज्यों को मुख्यधारा के विकास के बराबर नहीं लाया गया, तो भारत का विकास नहीं हो सकता।'
2019 में हारी हुई सीटों पर भी खूब फोकस
भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के मुताबिक कई रैलियों में प्रधानमंत्री की ओर से राज्य में बीजेपी के लिए स्वीप करने तक की बात कही गई है। जिन सीटों पर 2019 में पार्टी जीती थी, पीएम मोदी ने उससे आगे बढ़कर इस बार उन सीटों पर भी ध्यान केंद्रित किया है, जहां पिछली बार पार्टी बढ़िया नहीं कर सकी थी।
टीएमसी का बंगाल में सभी किला ध्वस्त होना शुरू- प्रधानमंत्री मोदी
मेदिनीपुर की रैली में प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को कहा, "बीजेपी की इस आंधी ने टीएमसी के आतंक के सभी किले ध्वस्त करना शुरू कर दिए हैं। इसलिए बंगाल में टीएमसी वाले जरा ज्यादा ही बौखलाए हुए हैं। अब बस 25 मई को एक और प्रहार की जरूरत है। बंगाल में फिर टीएमसी के आतंक, अत्याचार और भ्रष्टाचार के किले को गिरते देर नहीं लगेगी।"
ममता और उनके भतीजे पर 'भाई-भतीजा' वाला प्रहार
इससे पहले विष्णुपुर की रैली में प्रधानमंत्री ने सीधे तृणमूल सुप्रीमो मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी पर बिना नाम लिए सीधा निशाना साधा।
पीएम मोदी बोले, 'मोदी को अपने लिए कुछ नहीं करना है। ना ही मुझे अपने भतीजे या किसी भाई के लिए कुछ छोड़ना है। मुझे बांकुरा के जंगलों में रहने वाले लोगों के लिए काम करना है। मुझे गरीबों, दलितों और आदिवासियों के बच्चों के लिए एक विकसित भारत विरासत में छोड़ना है, इसलिए मैं तीसरी बार आपका आशीर्वाद लेने आया हूं।'
पीएम मोदी के रविवार के बिष्णुपुर, मेदिनीपुर और पुरुलिया की रैलियों को लेकर बीजेपी नेता समिक भट्टाचार्य कहते हैं, 'राज्य के लोग पीएम को सुनने के लिए उत्सुक हैं और उन्होंने उनकी भावनाओं को भाषणों में जगह देने की कोशिश की है। बंगाल की सीमा ऐसे है, जो घुसपैठ के लिए इसे कमजोर बनाते हैं। प्रधानमंत्री ने इस अभियान में इस चिंता से निपटने की कोशिश जताई है।'












Click it and Unblock the Notifications