कोरोना वायरस: पश्चिम बंगाल सरकार का आरोप, टेस्ट के लिए ICMR ने भेजे खराब किट
कोलकाता। पश्चिम बंगाल सरकार ने कोरोना वायरस (कोविड-19) की जांच के लिए भेजी गई टेस्ट किट में खराबी बताई है। सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने आरोप लगाया है कि ICMR-NICED (इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च-नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ कॉलरा एंड एंटरिक डिजीज) ने वायरस की जांच के लिए खराब टेस्ट किट भेजी हैं। रविवार को विभाग ने कई ट्वीट कर कहा कि ICMR-NICED द्वारा सप्लाई किए गए टेस्ट किट बार-बार गलत नतीजे दे रहे हैं।
Recommended Video

ट्वीट में लिखा है कि इसी कारण मरीजों के इलाज में देरी आ रही है। कोलकाता का ICMR-NICED स्वास्थ मंत्रालय के भीतर आने वाला रिसर्च सेंटर हैं और पूर्वी भारत का क्षेत्रीय वायरस रिसर्च डायग्नोस्टक लैब भी है। विभाग ने कहा है कि ये परेशानी ना केवल राज्य की सरकारी लैब झेल रही हैं, बल्कि देश की बाकी लैब भी झेल रही हैं। शुरुआत में कोई परेशानी नहीं थीं, जब टेस्ट किट नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरलॉजी, पुणे से सीधे मिल रही थीं। लेकिन हाल ही में पश्चिम बंगाल की सरकारी लैब में ये सप्लाई ICMR-NICED, कोलकाता की ओर से की गई है।
विभाग ने कहा, ICMR-NICED की ओर से करीब दो हफ्ते पहले भेजी गई टेस्टिंग किट से गलत नतीजे आ रहे हैं, जिसके चलते मरीजों में संक्रमण की पुष्टि में देरी हो रही है। इस मामले में NICED के निदेशक शांता दत्त का कहना है, इससे पहले जब किट की आवश्यकता होती थी, तो उन्हें कम मात्रा में आयात किया जाता था और एनआईवी, पुणे द्वारा वितरित किया जाता था। लेकिन जब मांग बढ़ने लगी तो ICMR ने किटों का आयात किया और उन्हें सीधे कोलकाता के NICED सहित 16 क्षेत्रीय केंद्रों में भेज दिया गया है।
उन्होंने आगे कहा कि इसके बाद किट को राजकीय मेडिकल कॉलेजों में वितरित किया गया जहां उन्हें स्टैंडर्डाइज किया जाना आवश्यक था। समय और तकनीकी ज्ञान की कमी के कारण यह मानकीकरण नहीं किया जा रहा है। वहीं पश्चिम बंगाल में कोरोना वायरस के मामलों की बात करें तो यहां पहला मामला 17 मार्च को दर्ज किया गया था, लेकिन पिछले हफ्ते से प्रशासन ने यहां उच्च जोखिम वाले स्थानों को सील करना शुरू कर दिया है। विशेषज्ञों का आरोप है कि बंगाल देर से जागा है। राज्य में अब कुल संक्रमित मामले 339 हो गए हैं जबकि 12 लोगों की मौत हुई है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि देश में पिछले 24 घंटों में 1553 नए मामले सामने आए और 36 मौतें हुई हैं। भारत में अब कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 17265 हो गई है। इसमें 14175 सक्रिय मामले, 2546 ठीक / डिस्चार्ज / माइग्रेट और 543 मौतें शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications