पश्चिम बंगाल चुनाव: ममता बनर्जी बोलीं- पीएम मोदी चाहें तो कर लें 120 रैली, उनको यहां कुछ मिलने वाला नहीं
पश्चिम बंगाल चुनाव: ममता बनर्जी बोलीं- पीएम मोदी चाहें तो करें 120 रैली
कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए ममता बनर्जी ने शुक्रवार को तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। पार्टी के उम्मीदवारों के नामों का ऐलान करने के बाद पश्चिम बंगाल की सीएम और टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने भाजपा को जमकर निशाने पर लिया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में जहां ममता बनर्जी ने एक बार फिर खेला होबे का नारा दिया तो वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चुनाव आयोग को भी निशाने पर लेते हुए कहा कि पीएम की रैलियों और मतदान के चरण बढ़ाने से कुछ नहीं होगा, जीत टीएमसी की ही होगी।

खेला होबे, देखा होबे, जीत होबे
टीएमसी ने इस चुनाव में 'खेला होबे, देखा होबे, जीत होबे' (खेल होगा, हम देखेंगे, हम जीतेंगे) और 'बंगला निजेर मेयेकी चाय' (बंगाल अपनी खुद की बेटी चाहता है) जैसे नारे दिए हैं। शुक्रवार को ममता बनर्जी ने एक बार फिर 'खेला होबे, देखा होबे, जीत होबे' कहा। पीएम मोदी के भाजपा के लिए पश्चिम बंगाल में 20 से ज्यादा रैलियां करने के सवाल पर ममता बनर्जी ने कहा कि वो 20 नहीं 120 रैली करें लेकिन भाजपा का कुछ होने वाला नहीं है।

चुनाव आयोग पर भी भड़कीं
ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग पर भी निशाना साधा। बनर्जी से जब पश्चिम बंगाल में आठ चरणों में चुनाव होने को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग को यहां आठ नहीं 294 सीटों पर 294 चरणों में चुनाव कराना चाहिए। वहीं पूरे देश की फोर्स भी बंगाल में ही लगा देनी चाहिए लेकिन इन सब तरीकों से अमित शाह को कुछ मिलने वाला नहीं है। ममता बनर्जी ने एक बार फिर भाजपा को बंगाल की तहजीब को ना समझने वाली पार्टी भी कहा।

291 सीटों पर किया है उम्मीदवारों का ऐलान
टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने राज्य की कुल 294 विधानसभा सीटों में से 291 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की है। टीएमसी ने दार्जिलिंग में तीन सीटें सहयोगी दलों के लिए छोड़ी हैं। बनर्जी ने बताया कि टीएमसी ने कुल 291 में से 51 महिला उम्मीदवार और 42 मुस्लिम उम्मीदवारों को चुनाव में टिकट दिया है। ममता बनर्जी ने नंदीग्राम से खुद चुनाव लड़ने की घोषणा की है।वहीं उनकी पुरानी सीट भवानीपुर से इस बार सोभनदेब चट्टोपाध्याय चुनाव लड़ेंगे। हाल ही में पार्टी में आए क्रिकेटर मनोज तिवारी को हावड़ा की शिबपुर सीट से उतारा गया है।
बता दें कि पश्चिम बंगाल की 294 विधानसभा सीटों के लिए आठ चरण में चुनाव हो रहा है। राज्य में 27 मार्च को पहले चरण और 29 अप्रैल को आखिरी चरण का मतदान होना है। 2 मई को चुनाव के नतीजों का ऐलान किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications