प्रशांत किशोर की चुनौती- 'अगर पश्चिम बंगाल में दहाई सीटें भी जीती भाजपा तो छोड़ दूंगा ट्विटर'
नई दिल्ली। अलगे साल होने वाले पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के कई दिग्गज नेता अभी से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के गढ़ में मिशन, 2021 को फतह करने के संघर्ष में जुट गए हैं। इस बीच राजनीतिक सलाहकार प्रशांत किशोर ने ट्वीट कर बड़ा बयान दिया है। प्रशांत किशोर ने अपने ट्वीट में लिखा कि अगर पश्चिम बंगाल में बीजेपी दहाई का भी आंकड़ा पार करती है तो वह हमेशा के लिए ट्विटर छोड़ देंगे।
Recommended Video

गौरतलब है कि अगले वर्ष यानी 2021 में पश्चिम बंगाल विधानसभा के चुनाव होने हैं ऐसे में बीजेपी और सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस के बीच बयानबाजी और आरोपों का सिलसिला बढ़ गया है। एक तरफ जहां बीजेपी ने अभी से अपनी पूरी ताकत झोंक दी है वहीं टीएमसी की प्रमुख ममता बनर्जी भी भाजपा पर निशाना साधने का मौका नहीं छोड़ती। उधर, ममता बनर्जी के राजनीतिक सलाहकार प्रशांत किशोर के ट्वीट ने पंश्चिम बंगाल की राजनीति में आग में घी डालने का काम किया है।
प्रशांत किशोर ने अपने ट्वीट में लिखा, 'बीजेपी के समर्थन में मीडिया का एक वर्ग जोरोशोरों से माहौल बनाने में लगा हुआ है। इससे साफ जाहिर होता है कि बीजेपी राज्य में दहाई आंकड़े के लिए भी संघर्ष कर रही हैं। अगर पार्टी पश्चिम बंगाल में बेहतर प्रदर्शन करती है तो ट्विटर छोड़ दूंगा, कृपया मेरे इस ट्वीट को अभी से सुरक्षित रख लें।' बता दें कि बंगाल में चुनाव से पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दो बार राज्य का दौरा कर चुके हैं। हाल ही में अपनी दो दिवसीय यात्रा के दौरान अमित शाह ने एक किसान के घर दोपहर का भोजन कर गरीबों के साथ होने का संदेश दिया था। अमित शाह के अलावा बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा भी दिसंबर की शुरुआत में पश्चिम बंगाल पहुंचे थे।
यह भी पढ़ें: BJP कार्यकर्ता की 'पुलिसिया हत्या' पर बोलीं ममता बनर्जी, 'प. बंगाल पुलिस शॉटगन नहीं इस्तेमाल करती'












Click it and Unblock the Notifications