पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष दिलीष घोष बोले- ईडी जांच के बाद बाकी जिंदगी जेल में गुजारेंगे कई टीएमसी नेता
नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल भाजपा के अध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा है कि राज्य में सत्तारूढ़ टीएमसी के कई नेता भ्रष्टाचार कर रहे हैं और उन्होंने गलत तरह से रुपया इकट्ठा किया है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) तृणमूल नेताओं की बेहिसाब संपत्ति का पता लगाएगी। ऐसे कई नेता हैं और ये ईडी की जांच के बाद बाकी जिंदगी जेल में बिताएंगे। मंगलवार को एक कार्यक्रम में भाजपा नेता ने ये बात कही।

मंगलवार को चिंगरीघाटा में दिलीप घोष ने कहा, ईडी टीएमसी नेताओं की अवैध संपत्तियों को ढूंढ निकालेगी और इन नेताओं की संपत्ति ईडी कुर्क करेगी। जिसके बाद ये सब जेल में ही अपनी बाकी जिंदगी गुजारेंगे। दिलीप घोष के बयान पर टीएमसी के सांसद सौगत रॉय ने कहा है कि इस तरह के बयान इस बात की तस्दीक करते हैं कि कैसे भारतीय जनता पार्टी अपने राजनीतिक हित साधने के लिए ईडी, सीबीआई और दूसरी केंद्रीय एजेंसियों का गलत इस्तेमाल करती है।
दिलीप घोष अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए लगातार टीएमसी और ममता बनर्जी पर हमलावर हैं। घोष ने मंगलवार को कई बैठकें भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ की और दावा किया कि 2021 में पश्चिम बंगाल में भाजपा आएगी। घोष ने ये भी कहा कि केंद्रीय बलों की निगरानी में वोटिंग कराई जाएगी और पुलिस को प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी।
दिलीप घोष ने तृणमूल कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा, ममता बनर्जी ने लोकसभा चुनाव में कहा था कि 42 में से 42 सीट तृणमूल जीतेगी, लेकिन 22 सीट ही जीत पाएगी। बीजेपी ने 18 सीटें जीत कर हॉफ पर कब्जा कर लिया और विधानसभा चुनाव में टीएमसी साफ हो जाएगी। टीएमसी के चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर को लेकर उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस ने प्रशांत किशोर को भाड़े पर लाई है और भाड़े के सैनिक से युद्ध जीतना चाहती है।












Click it and Unblock the Notifications