Bengal Chunav 2026: 7वां वेतन, घुसपैठ पर एक्शन, PM मोदी की बंगाल को 6 गारंटी, चुनाव जीते तो क्या करेंगे?
Bengal Chunav 2026 (Narendra Modi): पश्चिम बंगाल की सियासत जैसे-जैसे चुनावी मोड में जा रही है, वैसे-वैसे बयानबाज़ी भी तेज़ होती जा रही है। गुरुवार(09 अप्रैल) को हल्दिया की जनसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीधा निशाना ममता बनर्जी की सरकार पर साधा और दावा किया कि राज्य की जनता बदलाव चाहती है। पीएम मोदी ने अपने भाषण में युवाओं, महिलाओं, सरकारी कर्मचारियों और मछुआरों तक को साधने की कोशिश की और 6 बड़ी गारंटी का ऐलान किया, जो चुनावी नैरेटिव को नई दिशा दे सकती हैं।

PM मोदी की 6 गारंटी, चुनावी वादा या गेम चेंजर? (PM Modi SIX Guarantee)
रैली में प्रधानमंत्री ने बंगाल के लिए 6 गारंटी का एलान किया, जो सीधे-सीधे अलग-अलग वर्गों को टारगेट करती हैं।
- पहली गारंटी में उन्होंने कानून-व्यवस्था सुधारने और लोगों को न्याय दिलाने का वादा किया।
- दूसरी गारंटी में सरकारी सिस्टम को पूरी तरह जवाबदेह बनाने की बात कही।
- तीसरी गारंटी में हर घोटाले और अपराध की जांच कराने की बात रखी गई।
- चौथी गारंटी भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है, जिसमें दोषियों को जेल भेजने की बात कही गई।
- पांचवीं गारंटी में उन्होंने कहा कि शरणार्थियों को सम्मान दिया जाएगा, जबकि घुसपैठियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
- छठी और सबसे अहम गारंटी सरकारी कर्मचारियों के लिए रही, जिसमें 7वां वेतन आयोग लागू करने का वादा किया गया। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि अब तक राज्य को "लूटने वालों" का हिसाब किया जाएगा।

"डबल धोखा" वाला हमला: युवाओं को लेकर क्या बोले मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने आरोप लगाया कि राज्य में युवाओं के साथ "डबल धोखा" हुआ है। उनका कहना था कि एक तरफ प्राइवेट सेक्टर लगभग खत्म हो गया है, दूसरी तरफ सरकारी नौकरियों में भी घोटाले हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रियाओं में भ्रष्टाचार के चलते हजारों युवाओं के सपने टूटे हैं और उनके परिवार भी प्रभावित हुए हैं। मोदी ने यह भी जोड़ा कि इस माहौल ने युवाओं के भीतर असुरक्षा और अविश्वास पैदा किया है, जो किसी भी राज्य के विकास के लिए अच्छा संकेत नहीं है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हल्दिया जनसभा की बड़ी बातें



पीएम मोदी ने कानून-व्यवस्था को लेकर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार के दौर में लोगों को न्याय पाने के लिए बार-बार दरवाजे खटखटाने पड़ते हैं। इसके उलट उन्होंने भरोसा दिलाया कि अगर उनकी सरकार बनी तो सिस्टम जवाबदेह होगा और हर मामले में निष्पक्ष कार्रवाई होगी।
उन्होंने साफ कहा कि घोटाले, दुष्कर्म और अन्य अपराधों की फाइलें दोबारा खोली जाएंगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। "मंत्री हो या संत्री, जिसने भी जनता का पैसा खाया है, उसे जेल जाना होगा"-यह संदेश सीधे तौर पर भ्रष्टाचार के मुद्दे को चुनावी केंद्र में लाने की कोशिश माना जा रहा है।
आरक्षण और तुष्टिकरण पर बड़ा आरोप
प्रधानमंत्री मोदी ने टीएमसी पर आरोप लगाया कि वह वोट बैंक की राजनीति के लिए धर्म के आधार पर आरक्षण देने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि अदालतें इस तरह की कोशिशों को बार-बार खारिज करती रही हैं, लेकिन राज्य सरकार अपनी नीति से पीछे नहीं हटती।
उन्होंने इसे संविधान के खिलाफ बताते हुए कहा कि उनकी सरकार "संविधान के मुताबिक सबको उसका हक दिलाएगी" और किसी के साथ भेदभाव नहीं होने देगी।
मछली से राजनीति तक: बंगाल की अर्थव्यवस्था पर सवाल
बंगाल की पहचान मछली से जुड़ी रही है, लेकिन पीएम मोदी ने इसी मुद्दे को उठाते हुए सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी मांग होने के बावजूद राज्य आज भी मछली उत्पादन में आत्मनिर्भर नहीं बन पाया है और दूसरे राज्यों पर निर्भर है।
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि बिहार और असम जैसे राज्यों ने मछली उत्पादन में बड़ी प्रगति की है और अब वे दूसरे राज्यों को सप्लाई भी कर रहे हैं। उनका आरोप था कि बंगाल सरकार मत्स्य योजनाओं को सही तरीके से लागू नहीं कर रही, सिर्फ इसलिए क्योंकि वे केंद्र से जुड़ी हैं।
"डबल इंजन" का फॉर्मूला और चुनावी संदेश
अपने भाषण के अंत में पीएम मोदी ने "डबल इंजन सरकार" की जरूरत पर जोर दिया। उनका कहना था कि अगर केंद्र और राज्य में एक ही पार्टी की सरकार होगी तो विकास परियोजनाएं तेजी से पूरी होंगी और हर वर्ग को फायदा मिलेगा।
उन्होंने मछुआरों के लिए 5 लाख रुपये तक के बीमा और अलग मत्स्य विभाग बनाने जैसी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि केंद्र सरकार पहले ही इस दिशा में काम कर रही है, लेकिन राज्य सरकार सहयोग नहीं कर रही।
क्या बदलेगा चुनावी समीकरण?
हल्दिया की इस रैली ने साफ कर दिया है कि आने वाले बंगाल चुनाव में मुद्दे सिर्फ स्थानीय नहीं रहेंगे, बल्कि राष्ट्रीय स्तर की नीतियां और वादे भी अहम भूमिका निभाएंगे।
युवाओं की नौकरी, महिलाओं की सुरक्षा, सरकारी कर्मचारियों का वेतन और घुसपैठ जैसे मुद्दे सीधे-सीधे मतदाताओं को प्रभावित कर सकते हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि ये 6 गारंटी वोट में कितना असर डाल पाती हैं और क्या बंगाल की राजनीति में कोई बड़ा बदलाव आता है।












Click it and Unblock the Notifications