Navi Mumbai Water Cut: अब नहीं बचाया पानी, तो बढ़ सकती है परेशानी, CIDCO लागू कर रहा 10% पानी कटौती
Navi Mumbai Water Cut: नवी मुंबई और सिडको इलाकों में पानी का संकट अब लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी पर सीधा असर डालने लगा है। भीषण गर्मी, तेजी से घटते जल भंडार और मौसम विभाग की एल नीनो चेतावनी के बीच सिडको ने 28 मई 2026 से 10 फीसदी पानी कटौती लागू करने का फैसला किया है। प्रशासन का कहना है कि अगर अभी से पानी बचाने की आदत नहीं अपनाई गई, तो आने वाले दिनों में हालात और मुश्किल हो सकते हैं।
बांधों में घटा पानी, बढ़ी चिंता
सिडको प्रशासन के मुताबिक हेटवणे, मोरबे, बारवी और पातालगंगा बांधों में उपयोगी पानी का स्तर लगातार नीचे जा रहा है। ऊपर से तेज गर्मी के कारण जलाशयों में वाष्पीकरण बढ़ गया है, जिससे पानी तेजी से कम हो रहा है। इसी वजह से प्रशासन को पानी सप्लाई में कटौती का फैसला लेना पड़ा।

अलग-अलग इलाकों में अलग दिन बंद रहेगी सप्लाई
नए शेड्यूल के अनुसार खारघर में सोमवार को पानी सप्लाई बंद रहेगी। तलोजा और कामोठे में शुक्रवार, जबकि कलंबोली और नवाडे में बुधवार को पानी नहीं आएगा। इसके अलावा न्यू पनवेल ईस्ट में सोमवार, न्यू पनवेल वेस्ट में मंगलवार और उलवे-द्रोणागिरी के कई सेक्टरों में भी अलग-अलग दिन पानी कटौती लागू रहेगी।
प्रशासन ने लोगों से पहले से पानी स्टोर करने की अपील की है, क्योंकि सप्लाई शुरू होने के बाद भी लो प्रेशर की समस्या बनी रह सकती है।
एल नीनो और IOD ने बढ़ाई टेंशन
मौसम विभाग ने इस साल एल नीनो और इंडियन ओशन डाइपोल (IOD) जैसी स्थितियों का असर मानसून पर पड़ने की आशंका जताई है। इसी को देखते हुए प्रशासन ने जल प्रबंधन की खास योजना तैयार की है। अधिकारी रोजाना जल भंडार, सप्लाई और भविष्य की जरूरतों की समीक्षा कर रहे हैं ताकि मानसून आने तक पानी की उपलब्धता बनी रहे।
पानी बचाने की अपील
सिडको ने साफ कहा है कि पानी की बर्बादी अब भारी पड़ सकती है। वाहन धोने में पीने का पानी इस्तेमाल करने, टंकियों का ओवरफ्लो होने देने और पाइपलाइन लीकेज को नजरअंदाज करने पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने लोगों, हाउसिंग सोसायटियों और व्यवसायिक संस्थानों से जिम्मेदारी के साथ पानी इस्तेमाल करने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि "पानी की हर बूंद कीमती है" और अगर मानसून समय पर नहीं पहुंचा तो आने वाले हफ्तों में संकट और गहरा सकता है।
दूसरे निकायों ने भी लिया फैसला
सिर्फ सिडको ही नहीं, बल्कि नवी मुंबई नगर निगम, पनवेल नगर निगम और महाराष्ट्र औद्योगिक विकास निगम (MIDC) ने भी अपने-अपने इलाकों में पानी कटौती लागू करने का फैसला लिया है। इससे साफ है कि पूरा मुंबई महानगर क्षेत्र इस समय गंभीर जल संकट का सामना कर रहा है












Click it and Unblock the Notifications