Bengal Chunav 2026: 'ममता सरकार का हिसाब होगा', बंगाल में गरजे PM मोदी, CAA से फ्री इलाज तक; पढ़ें 5 बड़ी बात
West Bengal Chunav 2026: पश्चिम बंगाल के चुनावी मैदान में इस बार मुकाबला सिर्फ सत्ता का नहीं, बल्कि नैरेटिव का भी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने शनिवार (11 अप्रैल) बर्धमान जिले के कटवा में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस (TMC) सरकार पर तीखा हमला बोला। पीएम मोदी ने सीधे ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) और उनकी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि "अब हिसाब होगा" और बंगाल बदलाव के लिए तैयार है।
पीएम मोदी के भाषण में 'भय मुक्त बंगाल', 'भ्रष्टाचार का हिसाब' और 'घुसपैठियों की विदाई' जैसे बड़े मुद्दे छाए रहे। उन्होंने साफ कहा कि बंगाल की महान विरासत को टीएमसी ने पिछड़ेपन के दाग से भर दिया है, जिसे अब भाजपा का संकल्प ही धोएगा। पीएम मोदी ने जनता को 'मोदी की गारंटी' का भरोसा दिलाया और बताया कि 4 मई को नतीजे आने के बाद बंगाल की तस्वीर कैसे बदलने वाली है। ऐसे में आइए जानें पीएम मोदी की रैली की बड़ी बातें।

घुसपैठियों पर कड़ा प्रहार: "हक लूटना बंद करो"
प्रधानमंत्री मोदी ने बंगाल की सबसे संवेदनशील रग घुसपैठ पर हाथ रखते हुए कहा कि दुनिया के विकसित देश भी आज घुसपैठियों को चुन-चुनकर बाहर निकाल रहे हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, "घुसपैठिए अपना बोरिया-बिस्तर बांध लें। जिन्होंने नकली कागजात बनवाए और बंगाल के गरीबों के हक का राशन और पैसा लूटा है, उन सबका हिसाब होगा।" पीएम ने आगाह किया कि फर्जी पहचान पत्रों के जरिए किसान सम्मान निधि और राशन कार्ड का लाभ लेने वालों को अब बख्शा नहीं जाएगा।
शरणार्थियों को नागरिकता और CAA का वादा
पीएम ने मतुआ और नामशूद्र समुदायों को संबोधित करते हुए कहा कि वे किसी टीएमसी नेता की कृपा से यहाँ नहीं हैं, बल्कि संविधान के संरक्षण में हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भाजपा की सरकार बनते ही सीएए (CAA) के तहत नागरिकता देने की प्रक्रिया में और तेजी लाई जाएगी। यह बयान शरणार्थी परिवारों के बीच भाजपा की पकड़ मजबूत करने के इरादे से देखा जा रहा है।
आयुष्मान भारत और महिला सुरक्षा: पहली कैबिनेट में बड़े फैसले
पीएम मोदी ने ममता सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि टीएमसी ने केंद्र की जनकल्याणकारी योजनाओं को बंगाल में लागू होने से रोका। उन्होंने गारंटी दी कि 4 मई के बाद जैसे ही भाजपा का मुख्यमंत्री शपथ लेगा, पहली कैबिनेट बैठक में ही 'आयुष्मान भारत' योजना लागू कर दी जाएगी, जिससे लाखों परिवारों को 5 लाख तक का मुफ्त इलाज मिलेगा।
महिलाओं के लिए पीएम ने विशेष घोषणा की कि भाजपा सरकार हर महीने ₹3000 की आर्थिक मदद देगी। उन्होंने कहा, "सबसे बड़ी बात यह है कि भाजपा के राज में बंगाल की बेटियां बिना किसी डर के रात-बिरात कहीं भी आ-जा सकेंगी। हम टीएमसी के 'सिंडिकेट राज' और लूट की दुकान बंद करेंगे।"
हिंसा पर दुख और चुनाव आयोग की सराहना
पीएम मोदी ने मुर्शिदाबाद हिंसा में जान गंवाने वाले चंदन दास और उनके पिता हरगोबिंद दास के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि वह पीड़ित परिवार से मुलाकात करेंगे। वहीं, दूसरी ओर पीएम ने निर्वाचन आयोग (ECI) की पीठ थपथपाई। उन्होंने कहा कि असम, केरल और अन्य राज्यों में बिना किसी हिंसा के भारी मतदान होना लोकतंत्र की जीत है। पीएम के मुताबिक, जहाँ भी महिलाएं बड़ी संख्या में वोट डालने निकलती हैं, वहाँ भाजपा और NDA को प्रचंड बहुमत मिलना तय है।
किसानों और युवाओं के लिए 'विजन 2026'
बर्धमान को 'धान का कटोरा' बताते हुए पीएम ने कहा कि यहाँ आलू सड़ रहा है और किसान बेहाल है। उन्होंने वादा किया कि भाजपा सरकार बनते ही किसानों को केंद्र और राज्य मिलाकर सालाना ₹9000 की सम्मान निधि मिलेगी। युवाओं के लिए उन्होंने सरकारी भर्तियों में उम्र सीमा में छूट और खाली पदों को तेजी से भरने का रोडमैप भी पेश किया।
पीएम मोदी के भाषण की 5 बड़ी बातें (PM Modi Speech Highlights)
- "ममता सरकार के 15 साल का पूरा हिसाब होगा। बीजेपी के राज में सचिवालय से लेकर पुलिस थाने तक, हर व्यवस्था भयमुक्त और पारदर्शी होगी।"
- "घुसपैठियों से मेरा कहना है कि अपना बोरिया-बिस्तर बांध लें। नकली कागजों पर गरीबों का चावल और हक लूटने वालों का समय अब खत्म हो गया है।"
- "टीएमसी सरकार ने 'पीएम विश्वकर्मा' और 'आयुष्मान भारत' जैसी योजनाओं को रोककर बंगाल की जनता का बहुत नुकसान किया है। 4 मई के बाद यह सब बीते दौर की बात होगी।"
- "बंगाल की हर बहन-बेटी को मोदी की गारंटी है, आपको सुरक्षा और सम्मान दोनों मिलेगा। हम प्रति माह ₹3000 की मदद के साथ भयमुक्त माहौल देंगे।"
- "इलेक्शन कमीशन बधाई का पात्र है कि अन्य राज्यों में बिना हिंसा के भारी मतदान हुआ। अब बंगाल में भी 'भय' की जगह 'भरोसा' की जीत होने जा रही है।"
बंगाल विधानसभा चुनाव का असली मुद्दा क्या?
इस रैली के बाद यह साफ हो गया है कि बंगाल चुनाव 2026 सिर्फ राजनीतिक मुकाबला नहीं, बल्कि नैरेटिव की लड़ाई बन चुका है, एक तरफ "भय और आरोप" का मुद्दा, तो दूसरी तरफ "विकास और भरोसे" का वादा।
अब देखना दिलचस्प होगा कि जनता किस नैरेटिव को ज्यादा भरोसेमंद मानती है। चुनाव नतीजे तय करेंगे कि बंगाल में सत्ता की दिशा क्या होगी, लेकिन फिलहाल इतना तय है कि मुकाबला बेहद कड़ा होने वाला है।












Click it and Unblock the Notifications