पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव लड़ेगी जेडीयू, 75 सीटों पर उम्मीदवार उतारने का ऐलान
नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली जनता दल (यू) भी उम्मीदवार उतारेगी। पार्टी नेता गुलाम रसूल ने गुरुवार को कहा है कि जदयू 75 सीटों पर लड़ने की तैयारी कर रही है। जदयू के उतरने से 294 सदस्यों वाली पश्चिम बंगाल विधानसभा का चुनाव और दिलचस्प होता सकता है। चुनाव के लिए भाजपा पहले ही अपने शीर्ष नेताओं को उतार चुकी है, वहीं असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम भी चुनाव लड़ने का ऐलान कर चुकी है। कांग्रेस और लेफ्ट भी मैदान में है।
Recommended Video

बिहार से सटी सीटों पर नजर
जदयू के एमएलसी और पश्चिम बंगाल प्रभारी गुलाम रसूल बलियावी ने कहा, पार्टी लगातार बंगाल में जुटी हुई है और राज्य इकाई मेहनत कर रही है। जेडीयू की बंगाल इकाई 75 विधानसभा क्षेत्रों में चुनावी तैयारी में जुटी है और इन सीटों हम उम्मीदवार उतारेगी। जेडीयू बिहार से सटी सीटों पर उम्मीदवार उतारने की तैयारी कर रही है। गुलाम रसूल ने कहा है कि पार्टी के पश्चिम बंगाल इकाई के नेता जल्दी ही नीतीश कुमार से मुलाकात कर उनको तैयारियों का जायजा देंगे।

भाजपा से गठबंधन पर अभी फैसला नहीं
पश्चिम बंगाल में जदयू और भाजपा साथ लड़ेंगे या फिर अलग-अलग, इस पर गुलाम रसूल बलियावी ने जवाब नहीं दिया है। उन्होंने कहा कि इस पर अभी फैसला नहीं हुआ है। पश्चिम बंगाल में भाजपा के साथ गठबंधन पर फैसला नीतीश कुमार करेंगे। हालांकि उन्होंने कहा कि अगर बीजेपी से तालमेल ना हो पाया तो पार्टी अकेले ही 75 सीटों पर चुनाव लड़ेंगी।

26, 27 दिसंबर को जदयू की बैठक
जनता दल यूनाइटेड की 26 और 27 दिसंबर को पटना में राष्ट्रीय परिषद की बैठक होने वाली हैं। नीतीश कुमार की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में देशभर के जदयू नेता शामिल होंगे। माना जा रहा है कि इस बैठक का मुख्य मुद्दा असम और पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर चर्चा करना है। दो दिन तक चलने वाली पार्टी की इस बैठक में इस पर फैसला होगा कि दोनों राज्यों में किस मुद्दे पर और किसके साथ चुनाव लड़ना है। बैठक के बाद भाजपा के साथ दोनों राज्यों में गठबंधन को लेकर भी ऐलान हो सकता है।












Click it and Unblock the Notifications