Weather Updates : क्यों दिल्ली वालों को मई में दिख रहा शिमला? क्या होता है पश्चिमी विक्षोभ?
Why Weather Cool Cool: पश्चिमी विक्षोभ का मानसून से कोई लेना-देना नहीं होता है। मानसून की बारिश का जल हिंद महासागर से आता है।

Weather Updates : दिल्ली की सुबह आज जिस तरह से हुई उसकी कल्पना कभी किसी ने नहीं की थी। मई के महीने में आज पूरी राजधानी जनवरी वाले कोहरे से घिरी नजर आई। गर्मी के इस मौसम में लोगों को ये सर्द अहसास काफी अच्छा तो लगा लेकिन निश्चित तौर पर ये मौसम वैज्ञानिकों के लिए भी पहेली बन गया है। भारतीय मौसम विभाग ने इस ठंडे मौसम के पीछे कारण वेस्टर्न डिस्टरबेंस को बताया है, जिसकी अति सक्रियता ने पूरे उत्तर भारत को अपनी चपेट में ले रखा है और इसी कारण दिल्ली समेत कई राज्यों में बारिश हो रही है।
कई बार पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखा
केवल मई ही नहीं पूरे उत्तर भारत को मौसम ने मार्च से ही तंग किया हुआ है। मार्च के महीने में देश के कई हिस्सों में मई -जून वाली गर्मी पड़ी। कई जगहों पर पारा चालीस के पार पहुंच गया था। यही नहीं महाराष्ट्र, उड़ीसा जैसे राज्यों में तो हीटवेव भी देखी गई। लेकिन अप्रैल में अचानक से मौसम ने करवट ली और जमकर इस महीने में इंद्र देवता प्रसन्न हुए और कई जगहों पर जमकर बरसात हुई और अप्रैल जितना इस साल ठंडा रहा उतना पिछले सात सालों में नहीं रहा। इस महीने में भी कई बार पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखा जिसकी वजह से बारिश हुई।
वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय
मौसम के बदले रवैये पर प्राइवेट वेदर एक्सपर्ट प्रियांशु चटर्जी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि 'मई महीने में जो वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय हुआ है, उसका असर जनवरी वाला है, कभी-कभी ऐसा होता है कि पश्चिमी विक्षोभ ऐसे एरिया में सक्रिय होता है, जहां पहले से काफी कम तापमान होता है और उसकी वजह से लगातार बारिश में वहां का तापमान सामान्य से काफी नीचे चला जाता है और उसका असर दूसरे राज्यों में पड़ता है तो कभी-कभी कोहरे वाली स्थिति पैदा हो जाती है। इस बार भी जो विक्षोभ एक्टिव हुआ है वो हिमाचली रीजन में सक्रिय हुआ, जो कि पहाड़ी क्षेत्र है और वहां पहले से ही तापमान काफी कम रहता है।'
दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में बारिश
प्रियांशु चटर्जी ने आगे कहा कि 'ऐसे में जब वहां पर बारिश शुरु हुई तो तापमान औसत से काफी नीचे चला आया और उसका असर मैदानी इलाकों पर पड़ रहा है और यही वजह से दिल्ली में आज धुंध देखी गई और इस वक्त दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में बारिश हो रही है।'
मौसम विभाग ने कई राज्यों में यलो अलर्ट जारी किया
मौसम विभाग का कहना है कि मई-जून में आम तौर पर विक्षोभ सक्रिय होते हैं लेकिन ये एक-दो ही होते हैं, इस बार इन विक्षोभ की सक्रियता काफी अधिक हो गई है इसलिए बारिश ज्यादा हो रही है। फिलहाल ये अभी तीन-चार दिन और असरकारी रहेगा इसलिए कई राज्यों में अगले तीन-चार दिन काफी बारिश होगी इसलिए मौसम विभाग ने कई राज्यों में यलो अलर्ट जारी किया है।
इन जगहों पर जारी हुआ Yellow Alert
- दिल्ली-एनसीआर
- जम्मू और कश्मीर
- हिमाचल प्रदेश
- पंजाब
- हरियाणा
- उत्तर प्रदेश
- उत्तराखंड
- मध्य प्रदेश
- छत्तीसगढ़
- गुजरात
- राजस्थान
- महाराष्ट्र
- और
- गोवा।
क्या होता है पश्चिमी विक्षोभ?
वेस्टर्न डिस्टर्बन्स को हिंदी में पश्चिमी विक्षोभ कहते हैं, जो कि एक Storm का ही रूप है। जिसका असर आमतौर पर सर्दियों में देखा जाता है। इसके एक्टिव होने से काफी बारिश होती है, कभी-कभी ये आंधी-तूफान के रूप में भी सामने आते हैं। ये तूफान भूमध्य सागर, अन्ध महासागर की वेव को नमी में बदलने का काम करता है, जो बारिश और कभी-कभी बर्फबारी के रूप में दिखाई देते हैं। इसका असर भारतीय उपमहाद्वीप में दिखता है, जैसे कि अभी नजर आ रहा है। ये एक आम भौगोलिक प्रक्रिया है, जो कि अपनी विशेष स्थिति के साथ ही पैदा होती है।












Click it and Unblock the Notifications