अब आग उगलेगा सूरज, कई राज्यों में भीषण गर्मी का अलर्ट, पारा जा सकता है 45 डिग्री पार
नई दिल्ली, 25 अप्रैल। कोरोना संकट से जूझ रहे भारत में एक बार फिर से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है, जिसके बाद देश के कई राज्यों में आंधी-तूफान की आशंका बनी हुई है, तो वहीं कुछ राज्यों में गर्मी ने अपना प्रकोप दिखाना शुरू कर दिया है। भारतीय मौसम विभाग ने अपने ताजा अपडेट में कहा है कि आने वाले दिनों में हरियाणा, पंजाब, एमपी, राजस्थान और गुजरात में गर्मी अपने चरम पर रहेगी और पारा 45 डिग्री के पार तक जा सकता है। विभाग ने यहां भीषण गर्मी का अलर्ट जारी किया है।

कई राज्यों में भीषण गर्मी का अलर्ट
तो वहीं अगले कुछ घंटों में जम्मू कश्मीर, लद्दाख, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम में भारी बारिश के आसार है। विभाग ने इन सभी स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। विभाग ने कहा है कि पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने के कारण इन राज्यों में बारिश की संभावना बनी हुई है। जबकि उत्तराखंड में तो ओलावृष्टि की संभावना बनी हुई है।

लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा
वैसे विभाग ने कहा कि अप्रैल के आखिरी सप्ताह में गर्मी चरम स्तर पर होगी, लोगों को लू का भी सामना करना पड़ेगा। पंजाब, हरियाणा, गुजरात और राजस्थान में 28 अप्रैल तक मौसम काफी गर्म रहेगा और इस दौरान धूल भरी आंधी और लू भी चल सकती है। विभाग के मुताबिक अब सूरज आग उगलेगा और लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा।

पारा 45 पार हो सकता है
मालूम हो कि आईएमडी ने भविष्यवाणी की है कि छत्तीसगढ़, ओड़िशा, गुजरात, तटीय महाराष्ट्र, गोवा एवं तटीय आंध्र प्रदेश में इस बार जोरदार गर्मी पड़ेगी तो वहीं अगले हफ्ते से देश के कीई राज्यों में प्री-मानसून बारिश भी हो सकती है तो वहीं मैदानी इलाकों के कुछ राज्यों में सूरज देवता आग उगलेंगे, जिससे पारा 45 पार हो सकता है इसलिए लोगों को काफी सतर्क रहने की जरूरत है, क्योंकि गर्मी और कोरोना दोनों ही स्वास्थ्य के लिए काफी घातक है।
इस साल मानसून सामान्य रहेगा
मौसम की जानकारी देने वाले निजी संस्था स्काईमेट ने भी कहा है कि इस बार मानसून सीजन काफी अच्छा रहेगा। जून से ही बारिश का दौर शुरू होगा, जो कि सितंबर तक चलेगा। ये लगातार तीसरा साल होगा, जब मानसून सामान्य होगा।












Click it and Unblock the Notifications