दिल्ली में छाई धूल से विजिबिलिटी हुई कम, देश के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, मंडराया साइक्लोन का खतरा
नई दिल्ली, 23 मई। देश की राजधानी में बीते कुछ दिनों से मौसम का उलटफेर जारी है। दिल्ली में कभी बारिश तो कभी गर्मी ने लोगों को तंग किया हुआ है तो वहीं रविवार को दिल्ली में सुबह-सुबह धूल भरा नजारा देखने को मिला। इसके चलते राजधानी में विजिबिलिटी कम हो गई, जिससे लोगों को आने-जाने में खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
Recommended Video

दिल्ली में आज भी बादल छाए रहेंगे
अपने ताजा अपडेट में मौसम विभाग ने कहा है कि दिल्ली में आज भी आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश भी हो सकती है। यहां अधिकतम तापमान 37 और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।
हल्की से मध्यम तीव्रता के साथ गरज के साथ बारिश
अगले कुछ घंटों के दौरान रेवाड़ी, भिवाड़ी, मानेसर (हरियाणा) और आसपास के क्षेत्रों में हल्की से मध्यम तीव्रता के साथ गरज के साथ बारिश होने की आशंका है तो वहीं नारनौल, बावल, फतेहाबाद (हरियाणा), कोटपुतली, खैरथल, राजगढ़ (राजस्थान) और आसपास के क्षेत्रों में हल्की से मध्यम तीव्रता के साथ गरज के साथ बारिश हो सकती है।

यहां भी बरसेंगे बादल
पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, पूर्वोत्तर राजस्थान और उत्तरी मध्य प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
एक और तूफान का खतरा
चक्रवाती तूफान तौकते के बाद अब देश के पूर्वी तटीय क्षेत्रों में चक्रवात यास का खतरा मंडरा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने चक्रवात 'यास' को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने कहा है कि 23-24 मई के आस-पास बंगाल की खाड़ी में एक लो प्रेशर दवाब विकसित होता दिख रहा है, जो कि साइक्लोन में तब्दील हो सकता है। मौसम विभाग की नजर इस दवाब पर बनी हुई है। इस तूफान का नाम 'यास' है, जिसे कि ओमान ने दिया है।आईएमडी ने कहा है कि इस वक्त सारी परिस्थितियां बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में चक्रवात के अनुकूल हैं और इसी वजह से तूफान आ रहे हैं।

आईएमडी भुवनेश्वर ने जारी किया बयान
आईएमडी भुवनेश्वर के मुताबिक बंगाल की पूर्व-मध्य खाड़ी के ऊपर कम दबाव का निशान बना हुआ है। अगले 12 घंटों के दौरान डिप्रेशन बनने और उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ने की संभावना है। चक्रवाती तूफान 24 मई तक तेज होगा और 26 मई को उत्तर ओडिशा, पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश तट पर पहुंचेगा।












Click it and Unblock the Notifications