Weather: दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम, कहां-कहां हो सकती है बारिश, जानिए वेदर अपडेट
IMD Weather Updates: दिल्ली-एनसीआर में उमस और गर्मी से एक बार फिर लोगों के पसीने छूटने लगे हैं। शुक्रवार 4 अक्टूबर को भी गर्मी और उमस से लोगों का हाल बेहाल हो सकता है। इन सबके बीच, मौसम विभाग ने 4 से 8 अक्तूबर तक पश्चिम बंगाल समेत 13 राज्यों में भारी बारिश की संभावना जताई है।
मौसम विभाग की मानें तो मॉनसून देश भर के ज्यादातर राज्यों से विदाई ले चुका है। हालांकि, कुछ राज्यों में अब भी बारिश औऱ बाढ़ के हालात हैं। तमिलनाडु के वेल्लोर में भारी बारिश के कारण शहर में जलभराव की स्थिति देखने को मिली। वहीं, असम के गुवाहाटी शहर के कई हिस्सों में बारिश हुई।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर में 4 से 6 अक्टूबर के बीच हल्के बादल दिखाई दे सकते हैं। हालांकि, मौसम विभाग ने 5 से 10 अक्टूबर के बीच देश के पूर्वी और मध्य राज्यों में बारिश का अनुमान जताया है। मौसम विभाग की मानें तो 4 अक्टूबर को बिहार, मध्य प्रदेश, असम, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, मिजोरम, मणिपुर, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश, नगालैंड और तमिलनाडु में बारिश हो सकती है।
वहीं, 5 से 8 अक्टूबर के बीच अरुणाचल प्रदेश, असम, मणिपुर, नागालैंड, मेघालय, मिजोरम और त्रिपुरा में बारिश हो सकती है। इतना ही नहीं, IMD ने बिहार के पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल,अररिया, किशनगंज जिलों में हल्की या मध्यम बारिश की संभावना जताई है।
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, बिहार और दिल्ली-एनसीआर में भी 5 और 6 अक्तूबर को बादल छाए रहेंगे और कुछ जगहों पर हल्की बारिश भी हो सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि 8 से 10 अक्टूबर तक मध्य छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश और उत्तरी तेलंगाना में बारिश जारी रहेगी।












Click it and Unblock the Notifications