Weather Update: दिल्ली में 6 इलाकों में AQI बहुत खराब, दाना चक्रवात हुआ कमजोर, जानिए देशभर के मौसम का हाल
Weather Update: दिल्ली में लोगों को सांस लेने में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। जिस तरह से हवा में प्रदूषण का स्तर बढ़ रहा है, वह दिल्लीवासियों की समस्या को बढ़ा रहा है। अच्छी बात यह है कि पिछले दो दिनों में दिल्ली की हवा में कुछ हद तक सुधार हुआ है, लेकिन अभी भी यह खराब की श्रेणी में बनी हुई है। दिल्ली के छह इलाको में अभी भी एक्यूआई का स्तर बहुत खराब की श्रेणी में है। आनंद विहार, जहांगीरपुरी, सोनिया विहार, विवेक विहार, वजीरपुर, मुंडका में हवा का स्तर बहुत खराब की स्थिति में है।
दिल्ली-एनसीआर में मौसम की बात करें तो यहां आने वाले दिनों में मौसम में किसी खास बदलाव के आसार नहीं हैं। यहां आसमान साफ है। शनिवार को दिल्ली में अधिकतम पारा 33 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग का कहना है कि आज भी आसमान साफ रहेगा, अधिकतम पारा 33 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम पारा 19 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।

केरल में ऑरेंज अलर्ट
केरल के कई जिलों में बारिश को लेकर मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। कोझीकोड, वायनाड, त्रिशूर, एर्नाकुलम, पलक्क़़, मलप्पुरम में आज भारी बारिश की संभावना है। लोगों को मौसम को देखते हुए अलर्ट रहने को कहा गया है।
पश्चिम बंगाल में कमजोर हुआ दाना
चक्रवाती तूफान दाना की बात करें तो इसका प्रभाव काफी कमजोर हो चुका है। कोलकाता समेत पश्चिम बंगाल के अधिकतर इलाकों में मौसम बेहतर हुआ है। इसके साथ ही ओडिशा, झारखंड, केरल में भी भारी बारिश का दौर थम चुका है। साथ ही कई जगहों पर जलस्तर घट गया है। लेकिन चक्रवात को देखते हुए मौसम विभाग ने आज भी ओडिशा, बंगाल, झारखंड में बारिश के आसार जताया है।
यूपी-बिहार का हाल
यूपी बिहार के मौसम की बात करें तो यहां अधिकतर जिलों में मौसम साफ रहेगा, हालांकि एक-एक दिन बीतने के साथ ही लोगों को ठंड का एहसास सुबह और शाम को होने लगा है।
पश्चिमी यूपी में कई जिलों में पारा 17 डिग्री सेल्सियस तक जा चुका है। लखनऊ में भी सुबह-शाम को ठंड महसूस होने लगी है। बिहार में कई जगहों पर शनिवार को दाना तूफान के चलते हल्की बारिश देखने को मिली। आज अधिकतर जगहों पर आसमान साफ रहने की उम्मीद है।
राजस्थान में ठंड का एहसास
राजस्थान में भी मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। यहां आसमान साफ है और रात में लोगों को ठंड का एहसास होना शुरू हो चुका है। कई जिलों में पारा 20 डिग्री सेल्सियस के नीचे जा चुका है। जिसके चलते लोगों को ठंड महसूस होनी शुरू हो गई है।












Click it and Unblock the Notifications