Weather Update: दिल्ली में मानसून को लेकर आया बड़ा अपडेट, जानिए देश के अलग-अलग हिस्सों का हाल
Weather Update: दिल्ली में शनिवार को मौसम खुशनुमा रहा, यहां अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम रहा, जिसकी वजह से लोगों को उमस से राहत मिली। वहीं मौसम विभाग की ओर से कहा गया है कि रविवार से लेकर मंगलवार तक दिल्ली में आंशिक बादल छाए रहेंगे। तीन दिन के बाद बादल पूरी तरह से साफ हो जाएंगे। अगले हफ्ते दिल्ली में बारिश के खास आसार नहीं है, ऐसे में मानसून अगले हफ्ते विदा हो सकता है।
दिल्ली में सितंबर में सामान्य दर की तुलना में 59 प्रतिशत अधिक वर्षा हुई थी। सफदरजंग मौसम विज्ञान केंद्र औसतन 121.3 मिमी बारिश दर्ज करता है, लेकिन हाल ही में आंकड़े बढ़कर 192.5 मिमी हो गए हैं। सामान्य वर्षा के स्तर में 67 प्रतिशत की वृद्धि हुई। आने वाले दिनों में धूप खिलने की संभावना है।

उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में बीते दो दिनों से रूक-रूककर लगातार बारिश हो रही है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में अगले छह दिनों तक बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग की ओर से कहा गया है हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान में अगले दो दिनों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ ऐसा ही हाल उत्तराखंड का रहने वाला है।
यूपी में कई स्कूल बंद
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में रिकॉर्ड बारिश दर्ज की गई है। शनिवार को हुई भारी बारिश की वजह से जिलों में स्कूल बंद करने पड़े। साथ ही 13 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया। 45 जिलों में बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
बिहार में नदियां ऊफान पर
वहीं बिहार की बात करें तो नेपाल में आई बाढ़ की वजह से बिहार की नदियों में भी उफान है। कोसी बैराज के कुछ हिस्सों में पानी भरने की वजह से भारत-नेपाल रास्ता बंद कर दिया गया। कोसी बैराज से अबतक 5 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा जा चुका है।
मध्य भारत में बारिश का पूर्वानुमान आने वाले सप्ताह तक रहेगा, जबकि पूर्वोत्तर भारत को अगले पांच दिनों में इसी तरह के मौसम की स्थिति के लिए तैयार रहना चाहिए।
इस बीच, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र और गुजरात में अगले दो दिनों में इसी तरह की बारिश का पैटर्न रहने का अनुमान है, जिसके बाद अगले पांच दिनों में छिटपुट बारिश हो सकती है। हालांकि सौराष्ट्र और कच्छ में 2 अक्टूबर से मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।












Click it and Unblock the Notifications