Weather Update: मानसून का रिवर्स गियर, उत्तराखंड-बिहार में बारिश को लेकर अलर्ट
पूरे उत्तर भारत में बारिश का दौर जारी है। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, महाराष्ट्र, बिहार, मध्य प्रदेश में पिछले दो दिनों से रूक-रूक कर बारिश हो रही है। हिमाचल प्रदेश और जम्मू कश्मीर में हिमपात शुरू हो गया है। मौसम के बदले मिजाज से लोगों को गर्मी से राहत मिल गई है। बारिश के चलते हिमाचल प्रदेश में अधिकतम पारा में 2-3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है।
उत्तराखंड में अलर्ट
मौसम विभाग की ओर से उत्तराखंड के कई जिलों बारिश को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। जम्मू कश्मीर,गिलगिट-बालटिस्तान और लद्दाख में मौसम साफ रहेगा। यहां बारिश की संभावना नहीं है। जबकि हिमाचल प्रदेश में भी मौसम साफ रहने की उम्मीद है। यहां 3 अक्तूबर तक बारिश की संभावना नहीं है।

बिहार में अलर्ट
बिहार में भी 10 से अधिक जिलों में अगले 24 घंटे के भीतर भारी बारिश और बाढ़ का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने बिहार के 13 जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट रहने को कहा है। बिहार में बक्सर, भोजपुर, सारण, वैशाली, पटना, समस्तीपुर, बेगूसराय, लखीसराय, मुंगेर, खगड़िया, भागलपुर और कटिहार में भारी बारिश हो सकती है।
यूपी-राजस्थान में भी अलर्ट
जबकि उत्तर प्रदेश और राजस्थान में पिछले दो दिनों से बारिश देखने को मिल रही है। मौसम विभाग की ओर से पश्चिमी यूपी में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। पूर्वी राजस्थान में भी येलो अलर्ट जारी किया गया है।
दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली के मौसम की बात करें तो भारतीय मौसम विभाग की ओर से कहा गया है कि आज दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।
महाराष्ट्र का हाल
वहीं महाराष्ट्र में पिछले 2-3 दिनों से बारिश ने लोगों का जीना मुहाल कर रखा है। यहां स्कूल-कॉलेज तक बंद करना पड़ा है। रेलवे और हवाई यातायात भी प्रभावित हुआ है।
कई ट्रेनों को रद्द किया गया है तो कई का रूट बदला गया है। कई जिलों में बारिश की संभावना जाहिर की गई है। पीएम मोदी का पुणे दौरा भी बारिश के चलते रद्द कर दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications