Char Dham: केदारनाथ-बद्रीनाथ यात्रा की प्लानिंग से पहले पढ़िए मौसम अपडेट, IMD ने जारी किया 7 दिनों का अलर्ट
Weather Update Kedarnath Badrinath:भारी बर्फबारी और लगातार खराब मौसम की स्थिति ने केदारनाथ यात्रा पर प्रश्न चिह्न लगा दिया है। हालांकि खराब मौसम के बीच केदारनाथ के कपाट मंगलवार सुबह तीर्थयात्रियों के लिए खोल दिए गए है।

Weather Update Char Dham Yatra: चार धाम यात्रा की शुरुआत हो चुकी है। मंगलवार (25 अप्रैल) की सुबह केदारनाथ धाम के कपाट भी तीर्थयात्रियों के लिए खोल दिए गए हैं। इधर मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने चार धाम यात्रा के तीर्थयात्रियों को सलाह दी है कि मौसम में सुधार होने के बाद ही केदारनाथ मंदिर की यात्रा शुरू करें।
मौसम विभाग ने अगले 7 दिनों तक केदारनाथ और बदरीनाथ इलाकों में भारी बर्फबारी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। ऐसे में उत्तराखंड सरकार ने कहा है कि पूर्व पंजीकरण वाले तीर्थयात्रियों को रुद्रप्रयाग जाने की अनुमति दी जा रही है जबकि अन्य तीर्थयात्रियों को श्रीनगर में रोका जा रहा है।
उत्तराखंड के डीजीपी अशोक कुमार ने कहा है कि केदारनाथ धाम में अब मौसम में सुधार के कारण तीर्थयात्रियों को जाने की अनुमति दी जा रही है। लेकिन जैसी ही मौसम की स्थिति ठीक नहीं रहेगी, हम यात्रा को रोक देंगे।
केदारनाथ में पिछले तीन दिनों से रुक-रुक कर हो रही बर्फबारी के कारण धार्मिक नगरी और यात्रा का मार्ग बर्फ की चादर में ढका हुआ था। रक्षा भू-सूचना विज्ञान अनुसंधान प्रतिष्ठान (चंडीगढ़) ने सोमवार को चमोली, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी के लिए हिमस्खलन की चेतावनी जारी की है।
रुद्रप्रयाग जिले के जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी एनके रजवार ने केदारनाथ के ट्रेक रूट पर स्थिति को 'फिलहाल खतरनाक' बताया है। उन्होंने कहा, "लिनचोली के पास भैरव और कुबेर ग्लेशियरों के साथ ट्रेक रूट की स्थिति काफी खतरनाक है। और बर्फ का खिसकना कभी भी हो सकता है, जिससे खतरा हो सकता है।
एनके रजवार ने कहा कि राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल और जिला प्रशासन के कर्मियों उन हिस्सों में तैनात किया गया है। उन्होंने कहा, ''हम एक निश्चित समय में केवल एक व्यक्ति को क्षेत्र से गुजरने दे रहे हैं। केदारनाथ में रात का तापमान -4 डिग्री सेल्सियस तक गिर रहा है, जो हमारे सामने आने वाली चुनौतियों को और बढ़ा रहा है।''
उत्तराखंड के डीजीपी अशोक कुमार ने कहा, 'मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए एसडीआरएफ को अलर्ट मोड पर रखा गया है। हम केदारनाथ में मौजूदा मौसम की स्थिति के आधार पर यात्रा के बारे में फैसला करेंगे। अगर मंगलवार (25 अप्रैल) को मौसम साफ रहा तभी तीर्थयात्रियों को आगे बढ़ने दिया जाएगा।'












Click it and Unblock the Notifications