Weather Report: इस बार पड़ेगी सबसे भयंकर गर्मी, इन राज्यों को लू करेगी बेहाल
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए मौसमी अपडेट जारी किया है। इसमें भारत के कई इलाकों में अधिक समय तक तेज गर्मी पड़ने की भविष्यवाणी की गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने कहा कि अप्रैल से लेकर जून महीने के दौरान मैदानी इलाके के ज्यादातर हिस्सों में सामान्य से अधिक लू चलने की संभावना है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि मध्य भारत, उत्तरी मैदानी इलाकों और दक्षिण भारत के कई इलाकों में दो से आठ दिनों तक लू चलने का अनुमान है। गुजरात, महाराष्ट्र, उत्तरी कर्नाटक, ओडिशा, आंध्र प्रदेश और पश्चिम मध्य प्रदेश में सबसे तेज गर्मी पड़ने का अनुमान है।

इन तीन महीनों के दौरान मैदानी इलाकों के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से अधिक गर्म हवा चलने की संभावना है। वहीं, देश के विभिन्न हिस्सों में सामान्यतः चार से आठ दिनों की तुलना में दस से 20 दिनों तक लू चलने की आशंका है।
मौसम विभाग ने एक राहत की बात के रूप में कहा कि तापमान में बढ़ोत्तरी से गेहूं की तैयार फसल पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। मोहपात्रा ने कहा, मध्य प्रदेश में इस समय तापमान 37-40 डिग्री सेल्सियस के आसपास है और अगले सप्ताह 42 डिग्री तक जाने की संभावना है। चूंकि राज्य में गेहूं की कटाई का 90 फीसदी काम पूरा हो चुका है, इसलिए कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि अगर तापमान 35 डिग्री से ऊपर चला गया तो भी पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।
क्या बोले किरेन रिजिजू?
मौजूदा हीटवेट की स्थिति पर कैबिनेट मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि देश का एक बड़ा हिस्सा लू से प्रभावित होने वाला है। अगले महीने देश में लोकसभा चुनाव हैं, ऐसे में हमने हीटवेव को लेकर सावधानियां बरती हैं। इससे जुड़ी तैयारियों को लेकर राज्य सरकारों के साथ 2 दिन की बैठक भी की गई है।
भारत में हीटवेव क्या है?
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मानदंड के मुताबिक भारत में जब किसी मैदानी इलाके में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक पहुंच जाता है, या फिर पहाड़ी इलाकों में कम से कम 30 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक तक पहुँच जाता है तो इसे हीटवेव की स्थिति माना जाता है।












Click it and Unblock the Notifications