Weather: कई राज्यों में पड़ेगी हाड़ कंपाने वाली ठंड, IMD ने तीन दिनों का अलर्ट जारी किया
नई दिल्ली, 16 जनवरी। सर्दी का तांडव उत्तर भारत में जारी है, ठंडी हवाओं और कोहरे से त्रस्त उत्तर भारत में अगले तीन दिनों में हाड़ कपाने वाली ठंड पड़ने वाली है। मौसम विभाग ने अपने ताजा अपडेट में कहा है कि अगले तीन दिनों के दौरान पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और राजस्थान में भीषण ठंड पड़ने के आसार हैं और इस कारण यहां अलर्ट जारी किया गया है।
Recommended Video

तीन राज्यों में 'कोल्ड डे' की आशंका
रविवार को आईएमडी ने अपने ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया है। जिसमें उसने पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में अगले दो दिनों तक के लिए 'कोल्ड डे' की आशंका व्यक्त की है। मालूम हो कि 'कोल्ड डे' या 'शीत दिवस' की घोषणा तब की जाती है जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम हो और अधिकतम सामान्य से कम से कम 4.4 डिग्री सेल्सियस कम हो।

कई राज्यों में हल्की बारिश की भी आशंका
यही नहीं उसने कई राज्यों में हल्की बारिश की भी आशंका व्यक्त की है। उसने अपने ट्वीट में लिखा है कि 17- 18 जनवरी को तेलंगाना, तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में हल्की बारिश और अगले तीन दिनों के दौरान तमिलनाडु, केरल और माहे में जोरदार बारिश के आसार हैं। जबकि 18-20 जनवरी के दौरान उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में अलग-अलग हल्की/मध्यम वर्षा होने की संभावना है।

शीत लहर की स्थिति रहने की आशंका
इससे पहले मौसम विभाग ने कहा था कि अगले दो दिनों के अंदर उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान 2-4 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है जबकि दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में 18 जनवरी तक अलग-अलग इलाकों में शीत लहर की स्थिति रहने की आशंका है।

कई जगहों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे
जबकि मौसम की जानकारी देने वाली निजी संस्था स्काईमेट ने कहा है कि पिछले 24 घंटों में भारत के मैदानी इलाकों के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया। कश्मीर, हिमाचल, उत्तराखंड में इस वक्त हाड़ कंपाने वाली सर्दी पड़ रही है, कई जगहों पर पारा शून्य के नीचे ही है और इस हफ्ते यहां पारे की स्थिति ऐसी ही रहने वाली है।
घना कोहरा और कड़ाके की ठंड
स्काईमेट ने कहा है कि अगले 24 घंटों के दौरान, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, तमिलनाडु के कुछ हिस्सों, रायलसीमा,आंध्र प्रदेश, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, लद्दाख, जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में हल्की बारिश होगी तो वहीं पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान के कुछ हिस्सों, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में मध्यम से घना कोहरा देखने को मिलेगा और कड़ाके की ठंड पड़ेगी।












Click it and Unblock the Notifications