Weather Forecast: उत्तर से दक्षिण तक 18 राज्यों में बारिश का अलर्ट, अगले 24 घंटे में कैसा रहेगा मौसम?
Weather Forecast: अगले 5 से 6 दिनों तक पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट है। उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार समेत कई राज्यों में हल्की से भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा तटीय कर्नाटक और लक्षद्वीप जैसे दक्षिणी राज्यों में हल्की से मध्यम वर्षा होगी। कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में पूरे सप्ताह छिटपुट बारिश की संभावना है।
भारत के अधिकतर राज्यों में बारिश का क्रम जारी है। हालांकि मानसून अब कमजोर पड़ने लगा है। उत्तर पश्चिम और मध्य भारत में आने वाले सप्ताह में शुष्क मौसम रहने की उम्मीद है। सप्ताह की शुरुआत में उत्तराखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है, जिसके बाद शुष्क मौसम रहेगा।

वहीं पूर्वोत्तर के 7 राज्यों समेत कई अन्य राज्यों में हल्की से भारी बारिश का अलर्ट है। मौसम के पूर्वानुमान के मुताबिक, अक्तूबर महीने के पहले सप्ताह में असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में व्यापक रूप से हल्की से मध्यम वर्षा होने की उम्मीद है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, बिहार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी इसी तरह की स्थिति बने रहने की संभावना है।
यूपी के 45 जिलों में बारिश
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बीते 72 घंटों में औसत से अधिक वर्षा ने बाढ़ की स्थिति को गंभीर बना दिया है। आईएमडी के आंकड़ों के मुताबिक, रविवार को 75 में से 45 जिलों में अत्यधिक बारिश हुई। अधिक बारिश के चलते नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। यूपी में बाढ़ प्रभावित 11 जिलों में तत्काल राहत प्रयास किये जा रहे हैं।
बिहार में स्थिति गंभीर
बिहार में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। लगातार बारिश के कारण कई नदियों के तटबंध टूटने की खबर है। बीते 24 घंटे में यहां तीन तटबंध टूटने से हालात और खराब हो गए हैं। भारत-नेपाल सीमा के पास के जिले प्रभावित हुए हैं। इस भी आईएमडी ने बिहार के कई भारी बारिश का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। पश्चिम और पूर्वी चंपारण, सीतामढी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, सीवान, सारण, वैशाली, पटना, जहानाबाद, मधुबनी और भोजपुर जैसे क्षेत्रों में काफी बारिश होने की उम्मीद है।
हिमाचल के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश
हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में कल हल्की बारिश दर्ज की गई, हालांकि, स्थानीय मौसम विभाग ने 5 अक्टूबर तक मौसम शुष्क रहने की भविष्यवाणी की है। केंद्र ने बताया कि राज्य में 148 विद्युत परियोजनाओं पर असर पड़ा है।
गुजरात में भारी बारिश
आईएमडी के मुताबिक, दक्षिण गुजरात के कुछ जिलों को छोड़कर, नवरात्रि के पहले तीन दिनों के दौरान गुजरात का अधिकांश भाग शुष्क रहेगा। पूर्वानुमान के मुताबिक, सोमवार सुबह तक सौराष्ट्र के खेड़ा, आनंद, पंचमहल, दाहोद, वडोदरा, छोटाउदेपुर, नर्मदा, भरूच के साथ-साथ अमरेली और भावनगर जिलों के अलग-अलग इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है। 3-5 अक्टूबर तक सूरत, डांग, तापी, नवसारी, वलसाड के साथ-साथ दमन और दादरा नगर हवेली सहित दक्षिण गुजरात के अलग-अलग इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बारिश होने की संभावना है।
केरल के लिए येलो अलर्ट जारी
आईएमडी ने 5 अक्टूबर तक केरल में भारी बारिश की भविष्यवाणी की है, 1 अक्टूबर तक नौ जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। 30 सितंबर को तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, पथानामथिट्टा, एर्नाकुलम, इडुक्की, त्रिशूर, कोझिकोड, वायनाड और कन्नूर अलर्ट पर हैं। 1 अक्टूबर को पथानामथिट्टा, एर्नाकुलम और इडुक्की येलो अलर्ट पर रहेंगे।












Click it and Unblock the Notifications