गर्मी से नहीं मिलेगी राहत, गुरुवार रहा दिल्ली का सबसे गर्म दिन, पारा पहुंचा 43 पार
नई दिल्ली। तमिलनाडु में चक्रवाती तूफान 'फानी' की आशंका के चलते 30 अप्रैल और एक मई को जहां रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है वहीं उत्तर भारत में गर्मी में नाक में दम कर दिया है और आने वाले दिनों में गर्मी का तांडव यूंही जारी रहेगा। राजधानी में गुरुवार का दिन इस मौसम का अब तक का सबसे गर्म दिन रहा।

गुरुवार रहा दिल्ली का सबसे गर्म दिन,
मौसम विभाग के सफदरजंग स्थित केन्द्र में अधिकतम पारा 42.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा है। वहीं पालम में यह पारा 43 के पार हो गया। मौसम विभाग की मानें तो अगले कुछ दिनों में लोगों को इसी तरह की गर्मी का सामना करना पड़ेगा इसलिए विभाग ने लोगों से अपने स्वास्थ्य का पूरा ख्याल रखने को कहा है।

तमिलनाडु और कर्नाटक में हो सकती है तेज बारिश
तो वहीं तमिलनाडु और कर्नाटक के कई स्थानों पर आज तेज आंधी आ सकती है और तेज बारिश हो सकती है, वैसे विभाग के मुताबिक हिमाचल प्रदेश में आज मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान है। मध्यम पर्वतीय और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में एक-दो स्थानों पर बारिश और हिमपात होने की आशंका है तो वहीं स्काईमेट के मुताबिक आज उत्तर पूर्वीय भारत में अगले 36 से 48 घंटों के दौरान कई स्थानों पर तेज आंधी के साथ बारिश और गरज के साथ बारिश होने की आशंका है।

मॉनसून सामान्य के करीब रहेगा
मौसम विभाग ने यह भी कहा है कि इस साल मॉनसून सामान्य के करीब रहेगा। IMD (मौसम विभाग) ने अलनीनो को लेकर दुनिया भर की एजेंसियों की आशंकाओं को खारिज कर दिया है, उसने कहा है कि मॉनसून सीजन में देश में लंबी अवधि के औसत की 96 फीसदी बारिश संभव है। इसके पहले आशंका थी कि अलनीनो की वजह से मॉनसून पर असर पड़ सकता है। मौसम विभाग मॉनसून का अगला अपडेट जून के पहले हफ्ते में देगा।
यहां क्लिक करें: लोकसभा चुनाव का विस्तृत कवरेज












Click it and Unblock the Notifications