होली से पहले बदलेगा मौसम का मिजाज, दिल्ली-NCR और हिमाचल में हो सकती है बारिश, बढ़ेगी ठंड
नई दिल्ली। होली के पर्व से पहले उत्तर भारत में मौसम का मिजाज बदल सकता है, मौसम विभाग के मुताबिक आज से लेकर अगले दो दिनों के अंदर दिल्ली-NCR में बारिश होने की संभावना है, पश्चिमी विक्षोभ के चलते मंगलवार के बाद बादल छाने और तेज हवाएं चलने के आसार हैं जिसके चलते बिजली भी कड़क सकती है और कुछ जगहों पर बारिश भी हो सकती है।

पश्चिमी विक्षोभ का असर
वैसे विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ का असर उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में ज्यादा दिखाई पड़ेगा, कुछ एक जगहों पर बर्फबारी भी हो सकती है, जिनमें हिमाचल के कुल्लू, चंबा, किन्नौर शामिल हैं, इसलिए यहां के लोगों को मौसम विभाग ने सतर्क रहने को कहा है, वैसे आपको बता दें कि हिमाचल प्रदेश में पिछले चौबीस घंटों के दौरान ऊंचाई वाले स्थानों पर हिमपात और बारिश हुई है।

पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी
केलांग में दो सेमी, कल्पा एक सेमी तक हिमपात हुआ। भुंतर में सात मिमी, मंडी पांच मिमी, सुंदरनगर 4.6 मिमी, मशोबरा4.1 मिमी, कुफरी तथा मनाली में दो-दो मिमी वर्षा हुई, जिससे केलांग का पारा शून्य से कम चार डिग्री, कल्पा तथा मनाली शून्य डिग्री, कुफरी 3.2 डिग्री, भुंतर 5.2 डिग्री, डलहौजी 6.1 डिग्री, सोलन 6.2 डिग्री तथा सुंदरनगर 6.8 डिग्री, शिमला 7.3 डिग्री, धर्मशाला 8.4 डिग्री, कांगड़ा 8.7 डिग्री, उना नौ डिग्री, मंडी 9.8 डिग्री, नाहन 9.9 डिग्री रहा।

बारिश के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान
तो वहीं आज पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, उत्तर ओडिशा, झारखंड, बिहार और यूपी में भी कुछ जगहों पर बारिश के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है तो वहीं वहीं पूर्वोत्तर भारत में भी मौसम के बिगड़ने के आसार है, यहां मुख्य रूप से असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिज़ोरम और त्रिपुरा में लोगों को अलर्ट रहने की जरूरत है। इन राज्यों में आज भारी बारिश होगी। इसके अलावा बादल गजरने के साथ तेज हवाएं चलेंगी। कई जगहों पर आंधी-तूफान जैसे हालात बन सकते हैं। मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वोत्तर में अगले तीन दिन मौसम ऐसा ही रहने वाला है।

जोश में ना गंवाएं होश
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बारिश के साथ कुछ जगहों पर बर्फबारी होने की भी आशंका हैं, इससे ठंड भी बढ़ेगी इसलिए होली के रंग में भीगने से पहले लोगों को थोड़ा सा सावधान होने की जरूरत है, वरना जरा सा जोश आपकी सेहत पर भारी पड़ सकता है।












Click it and Unblock the Notifications