Weather: गर्मी से दिल्लीवालों को राहत, आज भी बारिश, धूल भरी आंधी को लेकर अलर्ट, देशभर में कैसा रहेगा मौसम?
IMD Weather forecast: दिल्ली एनसीआर में मौसम में अचानक बदलाव आया है। शुक्रवार (18 अप्रैल) रात को कई इलाकों में भारी बारिश और आंधी-तूफान देखने को मिला। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली के लिए आज भी बारिश, धूल भरी आंधी को लेकर अलर्ट जारी किया है। दिल्ली के कुछ हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने, हल्की बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।
दिल्ली स्थित क्षेत्रीय मौसम केंद्र ने शनिवार को अपने पूर्वानुमान में कहा, "आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, शाम तक आसमान में बादल छाए रहेंगे। बारिश या बूंदाबांदी होगी। गरज/बिजली/धूल भरी आंधी के साथ सतह पर लगातार 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी, जो 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।"

रविवार 20 अप्रैल को को भी दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना जताई गई है, लेकिन बारिश नहीं होने की संभावना है। इसके बाद 24 अप्रैल तक आसमान साफ रहने की उम्मीद है और तब तक इस क्षेत्र में लू चलने की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।
राजस्थान में पारा 45 डिग्री के पार, आज मिल सकती है गर्मी से राहत
दिल्ली के साथ-साथ राजस्थान वालों को भी आज गर्मी से राहत मिल सकती है। IMD को शनिवार से तेज हवाएं और धूल भरी आंधी चलने की उम्मीद जताई है। जिससे भीषण गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। हालांकि राजस्थान के कई इलाकों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है।
राजस्थान में शुक्रवार को भी भीषण गर्मी जारी रही, कई स्थानों पर अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। हालांकि, मौसम विभाग ने पूर्वानुमान लगाया है कि 20 अप्रैल से तेज हवाएं और धूल भरी आंधी चलने से गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले 48 घंटों में जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और धूल भरी आंधी चल सकती है। 20 अप्रैल से दिन के तापमान में दो से चार डिग्री की गिरावट आने की संभावना है।
राजस्थान के चूरू और गंगानगर में अधिकतम तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। इसके अलावा चित्तौड़गढ़, वनस्थली, कोटा , पिलानी और बाड़मेर में भी पारा 45-44 के बीच रहा।
Heatwave Alert: इन राज्यों में हीटवेव को लेकर अलर्ट
- मध्य प्रदेश में 19 अप्रैल को लू की स्थिति रहने की संभावना है। मराठवाड़ा और मध्य महाराष्ट्र में 21 अप्रैल तक और गुजरात में 22 से 24 अप्रैल तक गर्म और आर्द्र मौसम रहने की संभावना है।
- भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने गुजरात, दीव, दमन और दादरा और नगर हवेली के लिए सात दिनों का मौसम अलर्ट जारी किया है, जिसमें पूरे क्षेत्र में भीषण गर्मी और धूल भरी स्थिति की चेतावनी दी गई है।
- IMD ने कहा, राजकोट और कच्छ के अलग-अलग इलाकों में 19 अप्रैल और 20 अप्रैल को सौराष्ट्र-कच्छ और उत्तरी गुजरात में लू की स्थिति और धूल भरी हवाएं चलने की संभावना है, हवा की गति 20-30 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। पूरे सप्ताह, पूरे राज्य में शुष्क मौसम बना रहेगा।
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कैसा रहेगा मौसम?
हिमाचल प्रदेश में, आईएमडी ने आने वाले मजबूत पश्चिमी विक्षोभ के कारण पहाड़ी राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश की भविष्यवाणी की है। एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ के राज्य पर प्रभाव पड़ने की उम्मीद है, जिसके बाद अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश और उच्च ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी बारिश हो सकती है। दो दिनों के बाद नए पश्चिमी विक्षोभ के आने से मौसम में बदलाव होने की संभावना है।
उत्तराखंड में, मौसम विभाग ने तूफानी हवाओं को लेकर चेतावनी दी है। अगले 24 घंटों में बागेश्वर, चमोली, देहरादून, पिथौरागढ़, रुद्र प्रयाग, टिहरी गढ़वाल, उत्तर काशी सहित कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश होने की संभावना है।
Rain prediction: किन राज्यो में होगी बारिश?
- ओडिशा मौसम विज्ञान केंद्र ने भविष्यवाणी की है कि आज भुवनेश्वर में आसमान आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। सोमवार को मौसम साफ होने की उम्मीद है। मौसम विज्ञान केंद्र ने मयूरभंज, बालासोर, भद्रक, मलकानगिरी, जाजपुर, केंद्रपाड़ा और जगतसिंहपुर, कटक और अन्य कुछ जिलों के लिए अलग-अलग गरज के साथ बारिश की चेतावनी जारी की है। कोरापुर और मलकानगिरी के लिए लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
- अगले पांच दिनों में पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत में गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 19 अप्रैल को उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में बारिश होगी।
- 22 अप्रैल से 24 अप्रैल तक अरुणाचल प्रदेश में बारिश होने की संभावना है। वहीं आज 19 अप्रैल को असम और मेघालय में बारिश होगी, दो 21 अप्रैल से 24 अप्रैल तक जारी रहेगी। 24 अप्रैल को नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बारिश को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है।












Click it and Unblock the Notifications