Weather News: 1901 के बाद भारत में सबसे गर्म रहा अक्टूबर, IMD ने नवंबर के और गर्म रहने की जताई आशंका
Weather News: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) साल 1901 के बाद भारत में सबसे गर्म अक्तूबर महीने को दर्ज किया है, जिसमें औसत तापमान सामान्य से 1.23 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। इतना ही नहीं, आईएमडी ने नवंबर में और अधिक गर्मी की आशंका जताई है। हालांकि, इस दौरान कहा कि सर्दी आने के कोई स्पष्ट संकेत नहीं हैं।
आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्रा ने बताया कि असामान्य गर्मी पश्चिमी विक्षोभ की कमी और बंगाल की खाड़ी में सक्रिय निम्न दबाव प्रणालियों से पूर्वी हवाओं के कारण है। अक्टूबर का औसत तापमान 26.92 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य 25.69 डिग्री सेल्सियस से अधिक है।

न्यूनतम तापमान भी बढ़कर 21.85 डिग्री सेल्सियस हो गया, जबकि पूरे भारत में यह सामान्य 20.01 डिग्री सेल्सियस रहता है। महापात्रा ने बताया कि उत्तर-पश्चिमी भारत को ठंडे तापमान के लिए उत्तर-पश्चिमी हवाओं की आवश्यकता होती है, लेकिन मानसूनी प्रवाह ने तापमान में इस गिरावट को रोक दिया है।
उत्तर-पश्चिमी मैदानी इलाकों में तापमान कम से कम दो और हफ़्तों तक सामान्य से 2-5 डिग्री ज़्यादा रहने की उम्मीद है, उसके बाद धीरे-धीरे यह सामान्य स्तर पर आ जाएगा। महापात्रा ने स्पष्ट किया कि मौसम विभाग नवंबर को सर्दियों का महीना नहीं मानता है, जनवरी और फरवरी को सर्दियों का महीना माना जाता है, जबकि दिसंबर में ठंड के शुरुआती संकेत दिखाई देते हैं।
तमिलनाडु, पुडुचेरी समेत इन राज्यों में बारिश की उम्मीद
उत्तर-पूर्वी मानसून के कारण नवंबर में तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, रायलसीमा, केरल और माहे तथा दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक जैसे क्षेत्रों में औसत से अधिक वर्षा होने का अनुमान है। उत्तर-पश्चिम भारत और कुछ मध्य क्षेत्रों को छोड़कर भारत के अधिकांश भागों में सामान्य या सामान्य से अधिक वर्षा होने की संभावना है।
ठंड को लेकर कही ये बात
मोहपात्रा ने कहा, "ईएनएसओ (एल नीनो-दक्षिणी दोलन) स्थितियां धीरे-धीरे नकारात्मक पक्ष की ओर विकसित हो रही हैं और दिसंबर तक ला नीना की शुरुआत हो सकती है।" महापात्रा ने माना कि वैश्विक मौसम पूर्वानुमान एजेंसियों को इस साल अल नीनो की भविष्यवाणियों से जूझना पड़ा है।












Click it and Unblock the Notifications