Weather Forecast: 36 सालों में मई के महीने में सबसे ठंडी रही दिल्ली, जानें अगले पांच दिनों तक कैसा रहेगा मौसम
Weather Forecast Today: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पूर्वानुमान जारी किया है कि उत्तर पश्चिम भारत के राज्यों में अगले 5 दिनों तक बारिश का दौरा जारी रहेगा। बिहार और पश्चिम बंगाल में लू चलने की संभावना जताई है।

Weather Forecast Today: दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर पश्चिम भारत में पिछले कुछ दिनों से मौसम (Weather) सुहाना बना हुआ है। बारिश होने की वजह से लोगों को चिलचिलाती धूप-भीषण गर्मी और हीट वेल (लू) से कुछ हद तक राहत मिली हैं।
इस बीच मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर पश्चिम भारत में गुरुवार 1 जून को गरज के साथ बारिश होने के आसार जताए है। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर पश्चिम भारत के राज्यों में अगले दो से तीन दिनों तक बारिश का दौर जारी रहेगा। हालांकि, बिहार और पश्चिम बंगाल में लू (हीट वेब) चलने की संभावना जताई है।
Recommended Video

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बंगाल और बिहार में आने वाले कुछ दिनों में मौसम में बदलाव की संभावना नहीं है। वहीं, कर्नाटक में मौसम वैज्ञानिकों ने 4 जून तक भारी बारिश की संभावना जताई है। तो दिल्ली और बेंगलुरु समेत 8 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर-पश्चिमी भारत में आने वाले एक से दो दिनों में आंधी-तूफान की संभावना है। यहां हवाओं की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रतिघंटे तक हो सकती है।
दिल्ली में इस साल मई का महीना सबसे ठंडा रहा
बीते 36 सालों में इस बार दिल्ली का मई महीना सबसे ठंडा रहा। मई में अत्यधिक बारिश होने के कारण औसत अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। IMD के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि दिल्ली में मई 1987 में औसत अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
उन्होंने कहा, इस साल मई में औसत अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो 1987 के बाद से सबसे कम है। दिल्ली में मई में सिर्फ नौ दिन अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया और सिर्फ दो दिन शहर के कुछ हिस्सों में लू चली।
आईएमडी के आंकड़ों के मुताबिक, 2008 में 165 मिमी, 2021 में 144.8 मिमी और 2002 में 129.3 मिमी बारिश हुई थी जिसके बाद यह चौथा साल है जब मई में सबसे ज्यादा बारिश हुई है। मौसम वैज्ञानिकों ने इसका कारण ज्यादा बार आए पश्चिमी विक्षोभ को बताया है।
उत्तराखंड में जारी किया ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में बारिश के आसार हैं। यहां आज और कल बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने उत्तराखंड में बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है, यहां ओलावृष्टि की भी संभावना बनी हुई है।
इन इलाकों में होगी बारिश
मौमस विभाग ने दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में भी एक से दो दिनों तक बारिश की संभावना बनी हुई है। आईएमडी ने कहा है कि उत्तर प्रदेश के आगरा, बागपत, अलीगढ़, बुलंदशहर व कुछ अन्य जिलों में एक से दो दिनों तक बारिश की संभावना बनी हुई है।
अगले 5 दिनों तक जताई बारिश की आशंका
मौसम विभाग ने दक्षिण भारत के राज्यों में भी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने कहा है कि अगले पांच दिनों तक केरल, लक्षद्वीप, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश में बारिश होगी। साउथ इंटीरियर कर्नाटक और तमिलनाडु में एक जून तक भारी बारिश का अनुमान जताया गया है।












Click it and Unblock the Notifications