Aaj Ka Mausam: बर्फबारी-बारिश ने फिर बढ़ाई ठंड, कश्मीर-हिमाचल में बंद हुई कई सड़कें, जानें दिल्ली-NCR का वेदर
Aaj Ka Mausam Kaisa Rahega, 28 फरवरी 2025: पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड समेत उत्तर भारत में मौसम का मिजाज बदल चुका है। दिल्ली-एनसीआर में महीने के आखिरी दिन यानी 28 फरवरी को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस बीच, आईएमडी ने बादल गरजने-चमकने के साथ ही तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है।
वहीं, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में हुई बर्फबारी और बारिश से जनजीवन भी प्रभावित हुआ है। न्यूज़ एजेंसी एएनआई ने श्रीनगर और कुपवाड़ा में ताजा बर्फबारी का वीडियो भी जारी किया है। वहीं, जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में भारी बारिश जारी है, जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में पिछले दो दिनों से लगातार बारिश हो रही है। हिमाचल प्रदेश के शिमला में बारिश हुई।

लाहौर स्पीति में हो रही बर्फबारी
लाहौल स्पीति में पिछले 3-4 दिनों से भारी बर्फबारी जारी है। लाहौल-स्पीति के कार्यकारी उपायुक्त रजनीश शर्मा ने कहा कि बर्फबारी की वजह से सभी सड़कें फिलहाल बंद कर दी गई हैं। जिले को मनाली से जोड़ने वाला NH-3 भी बंद है। बर्फबारी जारी है और जैसे ही यह रुकेगी, सड़क साफ करने का काम शुरू हो जाएगा। बर्फबारी रुकने के बाद प्रभावित इलाकों में बिजली बहाल करने का काम शुरू हो जाएगा।
कुल्लू में हिमस्खलन की चेतावनी
कुल्लू उपायुक्त तोरुल एस. रवीश ने कहा कि रविवार तक कुल्लू के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश होगी। हम स्थानीय लोगों और पर्यटकों से अनुरोध करते हैं कि वे बाहर निकलने से पहले मौसम का पूर्वानुमान देखें... 2300 मीटर की ऊंचाई पर हिमस्खलन की चेतावनी है।
दिल्ली-एनसीआर और यूपी में बारिश की संभावना
पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने 28 फरवरी और 1 मार्च को तेज दिल्ली-एनसीआर में तेज आंधी के साथ बारिश की संभावना जताई है, जिससे तापमान में और गिरावट आएगी। 28 फरवरी को तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
हिमाचल के कई जिलों में अलर्ट
हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी जारी है, जबकि निचले इलाकों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। 28 फरवरी और 1 मार्च को मंडी, कांगड़ा, कुल्लू और चंबा जिलों में भारी बारिश और बर्फबारी के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया गया है। लाहौल-स्पीति में भारी बर्फबारी के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है, जबकि शिमला में भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना है।
कश्मीर में बर्फबारी की वजह से सड़कें बंद
कश्मीर में गुरुवार को ऊंचाई वाले इलाकों में मध्यम से भारी बर्फबारी हुई। गुलमर्ग, सोनमर्ग, पहलगाम, राजदान टॉप, गुरेज, साधना टॉप, हंदवाड़ा, कुपवाड़ा, मुगल रोड, जोजिला दर्रा, सिंथन टॉप और अमरनाथ गुफा में ताजा बर्फबारी दर्ज की गई। बर्फबारी के कारण श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग को छोड़कर कई सड़कें बंद कर दी गईं।
ये भी पढ़ें: Uttarakhand weather: देहरादून समेत पहाड़ों में बारिश और बर्फबारी से लौटी ठंड,जानिए कब तक रहेगा ऐसा मौसम
उत्तराखंड में अलर्ट जारी
उत्तराखंड में उधम सिंह नगर को छोड़कर सभी जिलों में भारी बारिश के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है। गुरुवार को 2800 मीटर से ऊपर के इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। 28 फरवरी को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, टिहरी, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में बारिश और बर्फबारी के लिए 'रेड अलर्ट' जारी किया गया है।
यूपी में बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश के बागपत, मेरठ, गाजियाबाद और हापुड़ जैसे जिलों में गरज और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है। 1 मार्च तक बारिश जारी रहने की संभावना है, उसके बाद 2 मार्च तक मौसम साफ हो जाएगा। पिछले कुछ दिनों से मौसम साफ है और रात में हल्की ठंड है, लेकिन बारिश के कारण ठंड और बढ़ सकती है।
ये भी पढ़ें: Aaj Ka Mausam: दिल्ली-NCR में बारिश के आसार, हिमाचल-कश्मीर में बर्फबारी से बदला मौसम, पढ़े वेदर अपडेट












Click it and Unblock the Notifications