Aaj Ka Mausam: दिल्ली-NCR में बारिश के आसार, हिमाचल-कश्मीर में बर्फबारी से बदला मौसम, पढ़े वेदर अपडेट
Aaj Ka Mausam Kaisa Rahega, 27 फरवरी 2025: दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। यहां लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद मौसम विभाग ने जताई है। मौसम विभाग के अनुसार, आज हल्की बारिश होने की संभावना है, इसके बाद 27 और 28 फरवरी को तेज आंधी और बारिश की संभावना है।
वहीं, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर में हिमपात व निचले इलाकों में रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है। इससे तापमान में गिरावट आएगी, जिससे मौजूदा गर्मी से कुछ राहत मिलेगी। इस बीच, मौसम विभाग ने यह चेतावनी जारी की है कि 27 फरवरी को तेज हवाओं के साथ तेज बारिश का सामना भी एनसीआर के लोगों को करना पड़ सकता है।

तो वहीं, 28 फरवरी को भी मौसम ऐसे ही बना रहेगा और इस दिन अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, 1 मार्च को आसमान पर बादल छाए रहने की उम्मीद है। अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम 16 डिग्री के आसपास रह सकता है।
वहीं, 2 मार्च तक तापमान अधिकतम 27 डिग्री और न्यूनतम 14 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है, जिससे सुबह और शाम को हल्की ठंड पड़ सकती है। 3 मार्च को अधिकतम तापमान थोड़ा बढ़कर 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान गिरकर 13 डिग्री तक पहुंच सकता है। इस उतार-चढ़ाव के कारण सुबह और शाम में ठंड बढ़ेगी।
राजस्थान में मौसम की स्थिति
राजस्थान में भी मौसम खराब है और ओलावृष्टि की संभावना है। राज्य के कई इलाकों में बारिश के साथ बिजली गिरने का अनुमान है। अगले 24 घंटों में पाकिस्तान से आने वाले सिस्टम के कारण जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जैसलमेर और उदयपुर जैसे जिलों में बादल छा सकते हैं। 27 फरवरी को भरतपुर, झुंझुनू, सीकर, हनुमानगढ़ और श्रीनगर में आंधी के साथ बारिश और बिजली गिर सकती है।
जम्मू एवं कश्मीर में बर्फबारी
जम्मू-कश्मीर में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण मैदानी और पहाड़ी इलाकों में लगातार बर्फबारी हो रही है। कई इलाके बर्फ से ढके हुए हैं। मौसम विभाग ने 26 से 28 फरवरी तक भारी बारिश और बर्फबारी के साथ खराब मौसम की चेतावनी जारी की है। इससे दिन के समय तापमान में काफी गिरावट आएगी।
हिमाचल प्रदेश मौसम अपडेट
हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में भारी बर्फबारी और बारिश के कारण तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। पिछले दिनों पूरे राज्य में भारी बारिश हुई। मनाली, सियोबाग, सराहन, रामपुर, जोगिंदरनगर, धर्मशाला, चंबा, डलहौजी, गोगरा, पालमपुर के साथ ही शिमला के ऊंचे इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई।
उत्तर प्रदेश में बादल छाए रहेंगे
उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने 27 फरवरी से तीन दिनों तक पूरे राज्य में हल्की बारिश की भविष्यवाणी की है, जिससे तापमान में और गिरावट आ सकती है। दिन के समय बारिश से राहत मिलने की इस भविष्यवाणी के बावजूद, सुबह के समय ठंड बनी हुई है, खासकर लखनऊ, कानपुर, फतेहपुर जैसे शहरों में, पश्चिमी पूर्वी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रों में भी मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है।
ये भी पढ़ें: Weather Update: कैसा है आज मौसम का मिजाज? जानें कहां-कहां है बारिश का अलर्ट, कहां रहेगा आसमान साफ












Click it and Unblock the Notifications