दिल्ली-एनसीआर में बदला मौसम, तेज बारिश के साथ आया तूफान
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में भीषण गर्मी के बीच अचानक ही मौसम बिगड़ गया है। दोपहर करीब पौने चार बजे अचानक ही आसमान में काले-काले बादल घिर आए। इसी के साथ तेज आंधी और बारिश ने भी दस्तक दे दी। कई इलाकों में तेज बारिश भी हुई है। अचानक मौसम में आए बदलाव की वजह से आम जनजीवन प्रभावित हुआ। कुछ देर के लिए मेट्रो के परिचालन पर भी असर देखने को मिला।

गुरुवार सुबह दिल्लीवालों को तेज धूप का सामना करना पड़ा। हालांकि दोपहर होते-होते मौसम का रूख बदला। दिल्ली-एनसीआर के कुछ इलाकों में दोपहर दो बजे के आस-पास हल्की बूंदाबांदी भी देखने को मिली। हालांकि दोपहर 3.30 बजे अचानक ही मौसम पूरी तरह से बदल गया। दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में काली घटाएं घिर आई। हालात ऐसे हो गए जैसे दिन में अंधेरा हो गया हो। इस दौरान तेज हवा के साथ तूफान से आम जनजीवन प्रभावित हुआ।
कई इलाकों में बारिश भी शुरू हो गई। जोरदार बारिश की वजह से कई इलाकों में जाम के हालात हो गए। ट्रैफिक के साथ-साथ मेट्रो सेवा पर भी असर पड़ा। सड़क पर निकले लोगों को बारिश से बचने के लिए खुद को सुरक्षित जगह की तलाश में भटकना पड़ा।












Click it and Unblock the Notifications