Heat wave in India: जमकर उठाइए मौसम का आनंद, अगले 7 दिन नहीं चलेगी लू, IMD का ताजा बुलेटिन
Heat Wave In Delhi NCR: मौसम विभाग ने बताया कि जहां हीटवेव से फिलहाल राहत मिलती रहेगी, वहीं शुक्रवार से एक बार फिर बारिश होने के आसार बन रहे हैं।

Kal mausam kaisa rahega: दिल्ली-एनसीआर सहित उत्तर भारत में इस वक्त मौसम सुहावना बना हुआ है और बूंदा-बांदी के चलते लोगों को हीटवेव से भी राहत मिल रही है। हालांकि अप्रैल महीने के बीच में गर्मी बढ़ी थी और तापमान भी 40 के पार पहुंचने लगा था।
ऐसे में माना जा रहा था कि इस बार गर्मी कुछ अलग ही तेवर दिखाएगी, लेकिन पिछले एक हफ्ते के दौरान चली तेज हवाओं और हल्की बारिश ने मौसम में फिर से बदलाव ला दिया है। अब इस बीच मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन में बताया गया है कि हीटवेव से मिल रही ये राहत कब तक जारी रहेगी।
भारतीय मौसम विभाग ने अपने बुलेटिन में बताया कि देश के ज्यादातर हिस्सों में अगले सात दिन तक हीटवेव के कोई आसार नहीं हैं। इसके अलावा शुक्रवार से देश के उत्तर पश्चिमी हिस्से में हल्की बारिश का एक नया दौर शुरू हो सकता है।
अधिकतम तापमान में भी मिली राहत
आपको बता दें कि इस महीने की शुरुआत में मौसम विभाग ने अनुमान जताया था कि अप्रैल से जून महीने के दौरान देश के ज्यादातर हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से ज्यादा रह सकता है। रविवार को उत्तर पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में अधिकतम तापमान 36 से 39 डिग्री तक रहा, जबकि देश के बाकी हिस्सों अधिकतम तापमान 30 से 35 डिग्री के बीच दर्ज किया गया। हिमालय के क्षेत्रों पारा 15 से 25 डिग्री के बीच रहा।
शुक्रवार से फिर बरसेंगे बादल
मौसम विभाग ने अपने बुलेटिन में बताया, 'हिमालय के पश्चिमी क्षेत्र में एक दिन बाद यानी बुधवार से और उत्तर पश्चिम के मैदानी इलाकों में शुक्रवार से बारिश होने की संभावना बन रही है। इसके अलावा मंगलवार से गुरुवार के बीच मध्य प्रदेश के दक्षिणी हिस्से, तेलंगाना और मध्य महाराष्ट्र में आंधी चलने के आसार हैं। दक्षिण में तमिलनाडु और केरल को भी अगले तीन-चार दिनों तक अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है।'












Click it and Unblock the Notifications