भारत ने पहले कभी 'सर्जिकल स्ट्राइक' नहीं किया : पूर्व डीजीएमओ
नई दिल्ली। इंडियन आर्मी की ओर से पाक अधिकृत कश्मीर में 'सर्जिकल स्ट्राइक' करने के बाद यूपीए सरकार के कुछ मंत्रियों ने दावा किया था कि उन्होंने भी कई बार 'सर्जिकल स्ट्राइक' को अंजाम दिया है लेकिन मोदी सरकार की तरह से कभी भी इस बात का प्रचार-प्रसार नहीं किया।
लेकिन यूपीए के इन मंत्रियों के दावों को झूठा साबित कर दिया सैन्य अभियानों के पूर्व महानिदेशक विनोद भाटिया ने, जिन्होंने कहा कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) की सरकार में कभी सर्जिकल स्ट्राइक नहीं हुआ और पिछले सप्ताह पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में भारतीय सेना द्वारा किया गया सर्जिकल स्ट्राइक अपनी तरह का पहला अभियान है। यूपीए सरकार के मंत्री झूठ बोल रहे हैं।
गौरतलब है कि यूपीए सरकार में रहे मंत्रियों ने दावा किया था कि साल 2011 से 2014 के बीच तीन बार सर्जिकल स्ट्राइक हुई थी।
भाटिया ने ये बात नेशनल टीवी चैनल पर कही, उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार के दौरान आर्मी की ओर से जो कुछ भी किया गया वो 'सर्जिकल स्ट्राइक' नहीं बल्कि सैन्य कार्रवाई थी, जो नियंत्रण रेखा से कुछ मीटर अंदर बेहद छोटे पैमाने पर की गई थी। मालूम हो कि विनोद भाटिया साल 2012-2014 तक डीजीएमओ रहे हैं। भाटिया ने ये भी कहा कि सुरक्षा जैसे अहम मुद्दे पर तो राजनेताओं को राजनीति नहीं करनी चाहिए, ये बेहद ही ओछी हरकत है।













Click it and Unblock the Notifications