VIDEO: मुंबई में हुई मानसून की पहली बारिश, इन इलाकों में भी बरसी फुहारें, 13 राज्यों में येलो अलर्ट
मुंबई। दक्षिण-पश्चिम मॉनसून महाराष्ट्र में दस्तक दे चुका है। राजधानी मुंबई में आज खूब बारिश हुई। कई इलाकों में पानी ही पानी नजर आया। सायन क्षेत्र में लोग सुबह-सुबह ही भीग गए। भारतीय मौसम विभाग ने जानकारी दी कि, दक्षिण-पश्चिम मानसून पहले तटीय जिले रत्नागिरी पहुंचेगा। ऐसा ही हुआ.. मंगलवार शाम को बादलों ने हरनाई बंदरगाह पर फुहारें बरसाईं। अब तेज हवाओं के साथ रायगढ़, ठाणे, पालघर, पुणे, नासिक व मध्य महाराष्ट्र के मराठवाड़ा इलाके में भी बारिश की चेतावनी दी गई है।
Recommended Video

13 राज्यों में येलो अलर्ट जारी किया गया
महाराष्ट्र-आंध्र समेत कई प्रांतों में मानसून बहुत तेजी से रफ्तार पकड़ रहा है। मंगलवार को यह तेजी से आगे बढ़ते हुए पश्चिमी तट पर अलीबाग से पुणे तक और पूर्वी तट पर आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा, पश्चिम बंगाल और हिमालयी इलाके में बागडोगरा तक पहुंच गया। मौसम विभाग ने 13 राज्यों में येलो अलर्ट जारी किया है। महाराष्ट्र के अलावा आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, मध्य प्रदेश और बिहार के बहुत से इलाकों में वर्षा हुई है। मौसम विभाग की ओर से कहा गया कि, अगले सप्ताह तक मानसून मध्यप्रदेश पहुंच जाएगा। वहीं, बिहार में भी प्री-मानसून बारिश हो रही है। यहां मानसून 12 जून के बाद पहुंचेगा। उत्तरी बिहार के कई जिलों में बुधवार सुबह से बारिश हो रही है।

मध्यप्रदेश के कई जिलो में प्री-मानसून वर्षा
मध्यप्रदेश की बात की जाए तो यहां राजधानी भोपाल, इंदौर, शाजापुर, मंदसौर, देवास, सागर और जबलपुर में बारिश हो रही है। इंदौर में पिछले चार-पांच दिनों से लगातार बारिश हो रही है। बारिश के कारण शहर के निचले इलाकों में जल-जमाव की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग की ओर से संभावना जताई गई है कि, पूर्वोत्तर भारत, ओडिशा के उत्तरी तट, गंगीय पश्चिम बंगाल, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और कोंकण और गोवा में हल्की से मध्यम बारिश होगी।

औली में जमी बर्फ
मौसम विभाग ने उत्तराखंड और हिमाचल में भी बारिश की चेतावनी जारी की है। इस बीच औली के पहाड़ों पर बर्फबारी हो रही है। मौसम विभाग के केंद्र द्वारा बताया गया कि, मानसून 12, 13 जून के दौरान ओडिशा, पश्चिम बंगाल और झारखंड और बिहार में पहुंचेगा। हालांकि, उत्तर भारत में उससे पहले ही बूंदें बरसने लगीं।












Click it and Unblock the Notifications