VIDEO: दिल्ली पुलिस के इन दो जवानों की बहादुरी को सलाम, आंख में मिर्च झोंके जाने के बाद भी हिस्ट्रीशीटर को दबोचा
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में दो पुलिसकर्मियों के बहादुरी का वीडियो सामने आया है। आंख में मिर्च पाउडर झोंके जाने के बाद भी दोनों पुलिसकर्मियों ने हार नहीं मानी और एक तड़ीपार बदमाश (हिस्ट्रीशीटर) को दबोच लिया। इस पूरे मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और हर कोई इन दोनों पुलिसकर्मियों के साहस को सलाम कर रहा है। जानकारी के मुताबिक मामला शहादरा के विवेक विहार इलाके का है। जहां अपराधी को पकड़ने गए पुलिसकर्मियों पर उसके परिवार ने हमला कर दिया।

यहां तक कि बदमाश को बचाने के लिए पुलिसकर्मी के आंख में मिर्ची पाउडर भी झोंक दिया। इसकी परवाह न करते पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी डटे रहे। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक पुलिसकर्मी जो सिविल ड्रेस में है, वह भीड़ के बीच बड़े साहस के साथ आरोपी को दबोचा हुआ है। दूसरे पुलिसकर्मी ने भीड़ से अपना बचाव करने के लिए हवा में पिस्टल निकाली है। परिजनों ने उसपर कई हमले किए यहां तक कि बचने के लिए हवाई फायरिंग भी करनी पड़ गयी।
आरोपी के बचाव में जो भी लोग नजदीक आ रहे हैं, पुलिसकर्मी उन्हें पीछे धकेल रहा है। उस दौरान वह फोन पर मदद भी मांगता सुनाई दे रहा है। थाना विवेक विहार के दोनों जवानों के नाम कांस्टेबल प्रदीप शर्मा व कांस्टेबल प्रदीप तोमर बताए गए हैं। पुलिस सूत्रों का कहना है कि आरोपी द्वारा मिर्च पाउडर डालने के बावजूद पुलिसकर्मियों ने वीरता का परिचय देते हुए अपने बचाव में फायर किया और दिल्ली के पूर्व स्मैक के कारोबारी रहे दीपक साहसी के छोटे भाई साजन को गिरफ्तार किया जो तड़ीपार चल रहा था।












Click it and Unblock the Notifications