दिल्ली -NCR में भारी बारिश की आशंका, इन तीन राज्यों में जारी हुआ Red Alert
नई दिल्ली। मानसून की वजह से देश के कई राज्यों में भारी बारिश का सिलसिला चालू है, भारतीय मौसम विभाग ने अपने ताजा अपडेट में कहा है कि मानसून बंगाल की खाड़ी से आगे बढ़ आया है, जिसके कारण देश के कई इलाकों में भारी बारिश की आशंका है, आईएमडी के मुताबिक आज राजधानी दिल्ली और एनसीआर में भारी बारिश के आसार है जबकि जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड,पंजाब और हरियाणा में भी आंधी-तूफान की आशंका है, बारिश को लेकर मौसम विभाग ने यहां अलर्ट जारी किया है।

तेलंगाना, कर्नाटक और गोवा में Red Alert
तो वहीं दक्षिण भारत यानी तेलंगाना, कर्नाटक, तमिलनाडु, और गोवा- कोंकण क्षेत्र में आज काफी तेज बारिश होने की संभावना है,यहां तेज हवाएं चल रही है, जिसकी वजह से मौसम विभाग ने यहां रेड अलर्ट जारी किया हुआ है तो वहीं मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ घंटों में यूपी के अमरोहा, मुरादाबाद, बिजनौर, लखीमपुर खीरी, पीलीभीत और बहराइच में भी अगले कुछ घंटों के अंदर तेज बारिश हो सकती है जिससे लोगों को गर्मी से निजात मिल सकती है।

स्काईमेट ने भी दी चेतावनी
जबकि स्काईमेट के मुताबिक देश में अगले 24 घंटों के दौरान तटीय आंध्र प्रदेश, दक्षिण तटीय ओडिशा, तेलंगाना, कर्नाटक, कोंकण व गोवा, गुजरात के पूर्वी हिस्सों, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। एक-दो जगह भारी वर्षा का भी अनुमान है। पूर्वोत्तर भारत और पूर्वी बिहार के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना है, जबकि बारिश का ये सिलसिला अगले दो दिनों तक जारी रहने की संभावना है।

कई राज्यों में मूसलाधार बारिश के आसार
कई राज्यों में मूसलाधार बारिश के आसार हैं, बंगाल की खाड़ी में दबाव बनने से अगले 48 घंटों के दौरान देश के करीब 10 राज्यों में आंधी-तूफान की आशंका है। आईएमडी ने कहा है कि गुजरात, दमनदीप, अंडमान व निकोबार द्वीप समूह, केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, नॉर्थ ईस्ट, यूपी, बिहार, झारखंड, एमपी, छत्तीसगढ़ , पंजाब, हरियाणा में भारी बारिश की आशंका है, मौसम विभाग ने सबको सचेत रहने के लिए कहा है।

दिल्ली में 20 जून तक मानसून पहुंचने के आसार
बता दें कि दिल्ली-एनसीआर में 20 जून तक मानसून के पहुंचने के आसार है, जिसके कारण दिल्ली में बारिश होगी, तो वहीं जबकि उत्तराखंड के रूड़की, बिहार, झारखंड, कर्नाटक, एमपी और छत्तीसगढ़ में अगले कुछ घंटों में भारी बारिश हो सकती है और इस दौरान तेज हवाएं चलने का अनुमान है, आईएमडी ने इन राज्यों में अलर्ट जारी किया है।












Click it and Unblock the Notifications