Waqf Bill: 'BJP मुस्लिम में भी बंटवारा चाहती है...बंटवारा तो PDA करेगा', किसे बांटना चाहते हैं अखिलेश?
Waqf Bill: वक्फ संशोधन विधेयक पर लोकसभा में बहस के दौरान समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर आरोप लगाया कि यह विधेयक मुस्लिम समुदाय में बंटवारे की एक सोची-समझी रणनीति का हिस्सा है।
उन्होंने कहा कि मुस्लिम समाज में बंटवारे की कोई गुंजाइश नहीं है, लेकिन बीजेपी इस विधेयक के जरिए मुसलमानों में भाईचारे को तोड़ने की कोशिश कर रही है। साथ ही, अखिलेश ने दावा किया कि असल बंटवारा तो पीडीए (PDA) करेगा। उनके इस बयान के सियासी मायने और चुनावी रणनीति को समझना जरूरी है।

Waqf Amendment Bill: इस रणनीति से लोकसभा चुनाव 2024 में भाजपा को विपक्ष दे चुका है झटका
अखिलेश यादव का यह बयान लोकसभा चुनाव 2024 के नतीजों के संदर्भ में आया लगता है, जिसमें उत्तर प्रदेश में बीजेपी को भारी नुकसान उठाना पड़ा। पार्टी को 2019 की तुलना में काफी कम सीटें मिलीं, और संसद में उसका बहुमत भी एनडीए (NDA) सहयोगियों (JDU,TDP) पर निर्भर हो गया।
सपा और कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्षी गठबंधन (INDIA bloc) ने चुनाव के दौरान बीजेपी पर संविधान बदलने और दलित-पिछड़ों का आरक्षण खत्म करने की कोशिश के आरोप लगाए थे।
परिणाम यह हुआ कि बीजेपी ने 400 सीटें जीतने का लक्ष्य रखा था, लेकिन विपक्ष ने इसे हथियार बनाकर बीजेपी सरकार के खिलाफ एक ऐसा माहौल बनाया, जिससे भाजपा का परंपरागत दलित और पिछड़ा वोट बैंक बहुत ही ज्यादा कमजोर हुआ।
Waqf Amendment Bill: लोकसभा में अखिलेश यादव ने वोट बंटवारे को लेकर दावा क्या किया है?
वक्फ संशोधन विधेयक पर बहस के दौरान सपा सांसद और पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा, "(बीजेपी वाले)वक्फ बिल जो लेकर आए हैं...कोई उम्मीद लेकर के नहीं आए हैं...ये सोची समझी रणनीति का हिस्सा है। क्योंकि इनका जो वोट बिखर गया है, ये मुस्लिम में भी बंटवारा चाहते हैं.....मुस्लिम, इस्लाम धर्म में कहीं बंटवारा नजर नहीं आता है...लेकिन इनकी (बीजेपी) कोशिश है कि इस बिल के माध्यम से मुस्लिम भाईचारा में भी बंटवारा कर दें। बंटवारा तो पीडीए करेगा अभी।"
उन्होंने बगल में बैठे फैजाबाद के सपा सांसद अवधेश प्रसाद की ओर इशारा करके यह भी कहा कि "इनसे बेहतर किसने चुनाव देखा होगा?"
Akhilesh Yadav: भाजपा की अयोध्या में हार से विपक्ष को मिला मोदी सरकार के खिलाफ बड़ा नैरेटिव
बीजेपी के लिए सबसे बड़ा झटका फैजाबाद सीट पर हार ही थी, जहां अयोध्या स्थित है। यह वही जगह है जहां बीजेपी ने राम मंदिर का निर्माण कराकर अपना सबसे महत्वपूर्ण वादा पूरा किया। विपक्ष ने इसे भाजपा की हार के प्रतीक के रूप में प्रस्तुत किया, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि सिर्फ राम मंदिर के सहारे चुनाव नहीं जीते जा सकते।
Waqf Amendment Bill: हिंदू वोट में बंटवारा करने की मंशा स्वीकार कर रहे हैं अखिलेश?
अखिलेश यादव द्वारा PDA (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) का जिक्र यह दिखाता है कि वह इस गठजोड़ को अभी भी बीजेपी के खिलाफ एक प्रभावी चुनावी रणनीति के रूप में देखते हैं। सवाल उठता है कि संसद में दिए गए बयान से उनकी मंशा मुस्लिम वोट बैंक को एकजुट रखते हुए हिंदू वोटों में विभाजन कराने की तो नहीं है?
बता दें कि पीडीए का उद्देश्य बीजेपी के कोर वोट बैंक को कमजोर करना रहा है। बीजेपी जिस हिंदुत्व की राजनीति को आगे बढ़ाती रही है, उसका एक बड़ा आधार दलित और पिछड़ा वर्ग भी रहा है। लेकिन, अगर यह वर्ग संगठित होकर बीजेपी से दूर जाता है, तो उसकी चुनावी रणनीति को भारी नुकसान हो सकता है।
Waqf Bill: क्या वक्फ संशोधन बिल पास होने से मुस्लिम समुदाय प्रभावित होगा?
बीजेपी पर मुस्लिम समाज में बंटवारे का आरोप लगाना सपा की एक चुनावी रणनीति का हिस्सा भी हो सकता है। वक्फ संशोधन विधेयक को लेकर भाजपा का दावा है कि इससे वक्फ संपत्तियों के दुरुपयोग को रोकने और पारदर्शिता बढ़ाने में मदद मिलेगी। लेकिन, विपक्ष इसे मुस्लिमों के अधिकारों में दखल मानता है।












Click it and Unblock the Notifications