‘वोट चोरी’ विवाद पर राहुल गांधी का Gen Z कार्ड, BJP ने दी चेतावनी – ‘तैयार रहो…’
Rahul Gandhi Vote Chori Row: कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता (LoP) राहुल गांधी ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर एक बार फिर से चुनाव आयोग और सत्ता पक्ष पर 'वोट चोरी' (Vote Chori) के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि देशभर में बड़े पैमाने पर मतदाता सूचियों से नाम काटे जा रहे हैं और यह काम किसी के इशारे पर किया जा रहा है।
राहुल ने कहा कि उनके पास इसका "100 फीसदी सबूत" मौजूद है और चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को इस पर जवाब देना होगा। लेकिन इस बार राहुल गांधी ने केवल आरोप लगाने तक ही बात नहीं रोकी।

उन्होंने देश के युवाओं, खासकर Gen Z (1995 से 2010 के बीच जन्मे लोग) को संबोधित करते हुए कहा कि यही पीढ़ी संविधान की रक्षा करेगी, लोकतंत्र को बचाएगी और वोट चोरी को रोकेगी।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर लिखा, "देश का युवा, देश के छात्र, देश का Gen Z - संविधान की रक्षा करेंगे, लोकतंत्र की हिफाजत करेंगे और वोट चोरी को रोकेंगे। मैं हमेशा उनके साथ खड़ा हूं। जय हिंद!"
यह बयान ऐसे समय में आया है जब पड़ोसी देश नेपाल में हाल ही में युवा-नेतृत्व वाले जनांदोलन ने सरकार को गिरा दिया। राहुल गांधी की इस टिप्पणी को उसी घटनाक्रम से जोड़कर देखा जा रहा है।
Vote Chori row: बीजेपी का पलटवार: 'तैयार रहो देश छोड़ने को...'
राहुल गांधी के इस दावे और सोशल मीडिया पोस्ट पर भाजपा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। पार्टी के वरिष्ठ सांसद और नेता निशिकांत दुबे ने राहुल को सीधी चेतावनी देते हुए कहा कि कांग्रेस नेता को "देश छोड़ने के लिए तैयार रहना चाहिए"।
दुबे ने X पर लिखा, "Gen Z परिवारवाद के खिलाफ है। नेहरू जी, इंदिरा जी, राजीव जी, सोनिया जी के बाद अब राहुल जी को क्यों बर्दाश्त करेंगे? वे भ्रष्टाचार के खिलाफ हैं, तो आपको क्यों नहीं खदेड़ेंगे? वे बांग्लादेश में इस्लामिक राष्ट्र और नेपाल में हिंदू राष्ट्र चाहते हैं, तो भारत को हिंदू राष्ट्र क्यों नहीं बनाएंगे? तैयार रहिए, वे आ रहे हैं...। दुबे ने राहुल गांधी पर आरोप लगाया कि वे युवाओं को भड़काकर भारत में "नेपाल-स्टाइल बवाल" कराना चाहते हैं।
'वंशवाद और भ्रष्टाचार के खिलाफ है Gen Z' - BJP
निशिकांत दुबे ने शुक्रवार को एक और बयान जारी करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार देश में सामाजिक बदलाव और वंशवाद के खिलाफ अभियान चला रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि इस बार वंशवादी राजनीति पूरी तरह खत्म हो जाएगी।
दुबे ने ANI से बातचीत में कहा -"Gen Z का मतलब है अगली पीढ़ी, देश का युवा। वे अपने देश का भविष्य तय करना चाहते हैं। भारत में भी Gen Z ने पहले ही बड़े बदलाव किए हैं - अन्ना आंदोलन और अरविंद केजरीवाल आंदोलन उसी का नतीजा था। 2013 में निर्भया कांड के दौरान लाखों युवा सड़क पर उतरे थे। लेकिन भाजपा ने हिंसा को हवा नहीं दी। राहुल गांधी अब नेपाल और बांग्लादेश का हवाला देकर भारत के युवाओं को भड़काना चाहते हैं।"
'परिवारवाद कांग्रेस में ही है'
बीजेपी नेता ने कहा कि नेपाल और बांग्लादेश दोनों जगह Gen Z ने परिवारवाद और भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन किया। भारत में भी परिवारवाद कांग्रेस पार्टी में दशकों से मौजूद है। दुबे ने कहा कि अगर राहुल गांधी Gen Z को उकसाना चाहते हैं तो हम भी उनके साथ खड़े हैं। लेकिन नतीजा यह होगा कि पूरी कांग्रेस पार्टी को देश छोड़कर भागना पड़ेगा। पिछले 11 सालों में भाजपा सरकार पर किसी घोटाले का आरोप नहीं है, जबकि कांग्रेस पर ढेरों घोटालों के आरोप हैं।
भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने की मांग उठी तो?
निशिकांत दुबे ने एक और बड़ा बयान देते हुए कहा कि बांग्लादेश में Gen Z इस्लामिक राष्ट्र चाहता है और नेपाल में हिंदू राष्ट्र। उन्होंने पूछा, "भारत एक धर्मनिरपेक्ष राष्ट्र है। लेकिन अगर यहां का Gen Z हिंदू राष्ट्र की मांग कर दे तो राहुल गांधी क्या करेंगे? क्या वे इसका विरोध करेंगे? आखिरकार, वही Gen Z है जिस पर राहुल भरोसा जता रहे हैं।"
बीजेपी सांसद ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी जानबूझकर युवाओं को भड़का रहे हैं और भारत में "गृहयुद्ध" कराने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस नेता जॉर्ज सोरोस फाउंडेशन के साथ मिलकर देश को बांटने की साजिश रच रहे हैं।
दुबे ने कहा कि राहुल गांधी वही कर रहे हैं जो उनके दादा जवाहरलाल नेहरू ने किया था - देश को बांटना। न सिर्फ कांग्रेस बल्कि उसके सहयोगी दल भी वंशवादी हैं। राहुल गांधी गृहयुद्ध भड़काना चाहते हैं, लेकिन भाजपा Gen Z के साथ है और कांग्रेस तथा उसके सहयोगी दल देश से गायब हो जाएंगे।
कुल मिलाकर, राहुल गांधी ने जहां वोटर डिलीशन को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं और युवाओं को अपने पक्ष में खड़ा करने की कोशिश की है, वहीं बीजेपी ने इस पर पलटवार करते हुए कांग्रेस पर वंशवाद, भ्रष्टाचार और देश में अराजकता फैलाने की साजिश रचने का आरोप जड़ा है।












Click it and Unblock the Notifications