Vizag Gas Leak: पीएम मोदी ने उच्च स्तरीय बैठक में ली हालात की जानकारी
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में गुरुवार तड़के केमिकल प्लांट से जहरीली गैस लीक होने से हुए हादसे को लेकर उच्चस्तरीय बैठक की है। गृह मंत्रालय की ओर से बताया गया है कि प्रधानमंत्री ने आज सुबह हादसे के बाद उठाए जा रहे कदमों का जायजा लेने के लिए उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने प्रभावित लोगों की सुरक्षा के साथ-साथ आपदा से प्रभावित स्थल को सुरक्षित करने के लिए किए जा रहे उपायों पर चर्चा की।
Recommended Video

नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में नेशनल डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी की एक हाई-लेवल मीटिंग हुई। जिसमें नेशनल डिजास्टर रिस्पांस फोर्स के डायरेक्टर जनरल एसएन प्रधान ने इस हादसे से संबंधित जानकारी दी। प्रधानमंत्री ने इससे पहले राज्य के सीएम जगन मोहन रेड्डी से बात की और हर संभव मदद का भरो दिया।
नरेंद्र मोदी ने घटना में प्रभावित लोगों के लिए ट्वीट कर लिखा, मैंने एमएचए और एनडीएमए के अधिकारियों से विशाखापत्तनम की स्थिति को लेकर बात की है, जिस पर निगरानी रखी जा रही है। मैं विशाखापत्तनम के लोगों की सुरक्षा और कल्याण के लिए प्रार्थना करता हूं।
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाईएस जगनमोहन रेड्डी ने कहा है कि गैस लीक हादसे में मृतकों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा और वेंटिलेटर पर गए मरीजों को 10 लाख रुपये की धनराशि मुआवजे के तौर पर दी जाएगी।
बता दें कि विशाखापट्टनम में गुरुवार तड़के केमिकल प्लांट से जहरीली गैस का रिसाव हो गया और हजारों लोग उसकी चपेट में आ गए। हादसे में अब तक 10 लोगों की मौत हो गई है और 800 से ज्यादा लोग अस्पतालों में भर्ती हैं। हादसा विशाखापट्टनम से करीब 30 किलोमीटर वेंकटपुरम गांव में हुआ। वेंकटपुरम गांव में एलजी पॉलिमर इंडस्ट्री प्लांट में केमिकल गैस लीक तड़के कोई 3 बजे हुई, जब लोग अपने घरों में सो रहे थे। लोगों को गैस रिसाव की वजह से सांस लेने में दिक्कत हुई और करीब हजार से अधिक लोग बीमार पड़ गए। यह संयंत्र गोपालपट्नम इलाके में स्थित है। इस इलाके के लोगों ने आंखों में जलन, सांस लेने में तकलीफ, जी मचलाना और शरीर पर लाल चकत्ते पड़ने की शिकायत की।












Click it and Unblock the Notifications