विकास बराला ने माना, उसने वर्णिका का पीछा किया था- सूत्र
पुलिस के साथ पूछताछ के दौरान विकास बराला ने इस बात को स्वीकार किया कि उन्होंने वर्णिका कुंडु का पीछा किया था।
चंडीगढ़। हरियाणा भाजपा के अध्यक्ष के बेटे विकास बराला ने वर्णिका कुंडु का पीछा करने की बात स्वीकार कर ली है। सूत्रों की मानें तो पुलिस से पूछताछ के दौरान विकास ने इस बात को स्वीकार किया है कि उन्होंने वर्णिका का पीछा किया था। बुधवार को विकास ने कहा था कि उन्होंने कार का पीछा इसलिए किया था क्योंकि वह यह जानना चाह रहे थे कि कार कौन चला रहा है, लड़का या लड़की।

चंडीगढ़ में 5 अगस्त को जिस तरह से वर्णिका कुंडु ने अपने साथ हुई इस घटना के बारे में सोशल मीडिया पर जानकारी दी उसके बाद लगातार उनके लिए समर्थन बढ़ता जा रहा है। देर रात में जब विकास बराला की गाड़ी वर्णिका की कार का पीछा कर रही थी तो वर्णिका ने इसकी शिकायत पुलिस से की जिसके बाद पुलिस ने मौके पर विकास बराला और उनके सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया था। हालांकि उन्हें कुछ देर बात जमानत मिल गई थी और रिहा कर दिया गया था।
बुधवार को एक बार फिर से जब विकास बराला पुलिस के पास पूछताछ के लिए पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान लगातार हरियाणा पुलिस का बयान बदलता रहा है। पहले जहां पुलिस ने बराला के खिलाफ गैरजमानती धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था तो बाद में इन धाराओं को वापस ले लिया गया था। लेकिन बाद में खबर मीडिया में आने के बाद एक बार फिर से पुलिस ने विकास बराला पर अपहरण की कोशिश का मामला दर्ज करके उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।












Click it and Unblock the Notifications