Vijay Rupani Funeral: विजय रूपाणी का DNA हुआ मैच, जानें कब और कहां होगा अंतिम संस्कार
Vijay Rupani Funeral: पूर्व गुजरात मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की डीएनए (DNA) जांच के जरिए आज रविवार 15 जून को पहचान हो गई है। विजय रूपाणी एयर इंडिया की फ्लाइट AI171 में सवार थे, जो 12 जून की दोपहर 1 बजकर 39 मिनट पर अहमदाबाद में क्रैश हो गया था। इस विमान में सवार 242 लोगों में से 241 लोगों की मौत हो चुकी है। जिसमें विजय रूपाणी भी शामिल हैं। हादसे का शिकार हुआ विमान एयर इंडिया का बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर था।
गुजरात के गृह मंत्री हर्ष संघवी ने बताया, "पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का 12 जून को अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया क्रैश में निधन हो गया। आज सुबह लगभग 11:10 बजे उनका डीएनए मिलान हो गया है। उन्होंने राज्य के लोगों के लिए कई वर्षों तक सेवा की।" विजय रूपाणी का शव उनके परिवार को सौंप दिया गया है। उनका अंतिम संस्कार 16 जून को राजकोट में किया जाएगा। राजकोट में उस स्थान पर तैयारियां भी शुरू हो गई हैं, जहां विजय रूपाणी के पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा।

भाजपा विधायक रीता पटेल ने कहा, "हमारे पूर्व सीएम विजय रूपाणी का डीएनए टेस्ट हो चुका है। अब उनके पार्थिव शरीर को राजकोट में उनके परिवार के पास ले जाया जाएगा, इसके बाद उत्तर गुजरात और मध्य गुजरात के निवासियों को उनके प्रति सम्मान प्रकट करने के लिए एक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, वहां से उन्हें हेलीकॉप्टर के जरिए राजकोट ले जाया जाएगा।"
एयर इंडिया विमान क्रैश अपडेट: अब तक किन-किन लोगों का DNA हुआ मैच
एयर इंडिया विमान क्रैश में मारे गए 275 लोगों में से अब तक 32 शवों के DNA मैच कर लिए गए हैं। 14 के शव उनके परिवारों को सौंप दिए गए हैं। अतिरिक्त सिविल अधीक्षक डॉ. रजनीश पटेल ने बताया कि अब तक पहचाने गए पीड़ित गुजरात और राजस्थान के अलग-अलग स्थानों से हैं। पटेल ने कहा, "अब तक 32 डीएनए नमूनों का मिलान किया जा चुका है और 14 शवों को पहले ही संबंधित परिवारों को सौंप दिया गया है। पीड़ित उदयपुर, वडोदरा, खेड़ा, मेहसाणा, अरवल्ली, अहमदाबाद और बोटाद जिलों के थे।"
चूंकि कई शव पहचान से परे जल गए थे या क्षतिग्रस्त हो गए थे, इसलिए अधिकारी त्रासदी के पीड़ितों की पहचान स्थापित करने के लिए डीएनए परीक्षण कर रहे थे। पीड़ितों के परिवारों के साथ बातचीत करने के लिए 230 टीमें बनाई गई थीं।
एयर इंडिया विमान क्रैश के बारे में जानकारी
एयर इंडिया विमान क्रैश में अब तक 275 लोगों की मौत हो चुकी है, जब एयर इंडिया की फ्लाइट AI171, जो अहमदाबाद एयरपोर्ट से 12 जून दोपहर लंदन के लिए रवाना हुई थी, कुछ ही मिनटों बाद बीजे मेडिकल कॉलेज के रेजिडेंट डॉक्टर्स के हॉस्टल से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस विमान में कुल 242 लोग सवार थे, जिसमें 230 यात्री, 10 क्रू मेंबर और 2 पायलट शामिल थे। फ्लाइट को लंदन के गैटविक एयरपोर्ट जाना था।
पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी, जो बिजनेस क्लास में सफर कर रहे थे, अपनी बेटी से मिलने लंदन जा रहे थे और इस फ्लाइट में सवार थे। हादसे में उनकी भी मृत्यु हो गई।
इस दुर्घटना में एकमात्र यात्री -भारतीय मूल के एक ब्रिटिश नागरिक, जो सीट नंबर 11A पर बैठे थे -चमत्कारिक रूप से जीवित बचे हैं। उन्हें घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जहां 241 लोगों की मौत विमान में हुई, वहीं जमीन पर मौजूद 34 अन्य लोगों की भी इस भीषण हादसे में जान चली गई, जिससे कुल मृतकों की संख्या 275 हो गई।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने हादसे की जगह का दौरा किया और अस्पताल जाकर घायलों से मुलाकात की है।












Click it and Unblock the Notifications