लॉकडाउन में जब बच्चे को जन्मदिन की बधाई देने तमाम पुलिसवाले हूटर बजाते पहुंचे, वीडियो हो रहा वायरल
नई दिल्ली। कोरोना वायरस के चलते तमाम देशों में लॉकडाउन है, जिसकी वजह से लोग अपने घरों में बंद हैं और बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। इस वायरस ने दुनिया के हर कोने में अपना कहर मचा रखा है और अबतक हजारों लोगों की जान ले चुका है। इस संक्रमण की वजह से सामान्य जीवन पूरी तरह से ठप हो गया है और लोग कई तरह की मुश्किलों का सामना कर रहे हैं। संकट के इस समय में पुलिसकर्मी, स्वास्थ्यकर्मी और इस पूरी लड़ाई में फ्रंटलाइन वॉरियर हर संभव लोगों की मदद कर रहे हैं।

पुलिस के प्रयास की तारीफ
लॉकडाउन के दौरान दुनियाभर की पुलिस मानवीय आधार पर काम कर रही है। पुलिसकर्मी लोगों को हर संभव अलग-अलग तरह से समझाने की कोशिश कर रहे हैं। कई ऐसे मामले भी सामने आ रहे हैं जिसमे पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी से आगे बढ़कर लोगों के चेहरे पर मुस्कान लाने का काम कर रहे हैं। एक ऐसा ही मामला अमेरिका का सामने आया है, जहां तमाम पुलिसकर्मी एक बच्चे को उसके जन्मदिन पर खुश करने के लिए उसके घर के बाहर पहुंच जाते है। सोशल मीडिया पर यह वीडियो काफी तेजी से वायरल हो रहा है।

रितेश देशमुख ने साझा किया वीडियो
फिल्म अभिनेता रितेश देशमुख ने इस वीडियो को सोशल मीडिया पर साझा किया है। दरअसल अमेरिका के एक परिवार ने पुलिस को फोन करके कहा कि उनके बेटे का जन्मदिन है। जिसके बाद तमाम पुलिस की गाड़ियां उनके घर के बाहर पहुंचती हैं और बाहर गाड़ी में बैठकर ही ये पुलिसकर्मी बच्चे को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हैं। इस दौरान वीडियो में देखा जा सकता है कि बच्चा और उसका परिवार घर के बाहर खड़े होकर इसे देख रहे हैं और उन्हें यकीन नहीं हो रहा है कि पुलिस ऐसा कर सकती है।
लाखों लोगों ने वीडियो को किया लाइक
इस पूरे वीडियो को बच्चे के पिता ने अपने फोन में शूट किया है और इस पूरे अनुभव को साझा करता है। पुलिसवालों के इस प्रयास को देखकर बच्चा काफी खुश होता है और अपनी खुशी जाहिर करता है। बता दें कि रितेश देशमुख ने इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर साझा किया है, जिसे छह लाख से अधिक लोगों ने लाइक किया है। इस वीडियो पर दिशा पटानी ने मैसेज लिखते हुए कहा है कि जबरदस्त।












Click it and Unblock the Notifications