दिव्यांग शख्स को रेलवे स्टेशन पर छोड़ने गए बुजुर्ग रिक्शावाले की पुलिसकर्मियों ने की पिटाई, VIDEO वायरल
नई दिल्ली। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें एक बुजुर्ग रिक्शेवाले की कुछ पुलिसकर्मी पिटाई करते नजर आ रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, वायरल हो रहा ये वीडियो जालंधर शहर के रेलवे स्टेशन का है। पूरा मामला उस समय सामने आया जब ये बुजुर्ग रिक्शेवाला एक दिव्यांग शख्स को स्टेशन पर छोड़ने के लिए गया था। इसी दौरान दो पुलिसकर्मी वहां आए, उन्होंने बुजुर्ग रिक्शेवाले से पहले कुछ बात की फिर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।

शिरोमणि अकाली दल के नेता और दिल्ली के राजौरी गार्डन से विधायक मनजिंदर सिंह सिरसा ने गुरुवार को इस घटना का वीडियो शेयर करते हुए ट्वीट किया। इसमें उन्होंने लिखा, "अक्सर पुलिस गरीबों और असहायों को परेशान करती है! देखिए कितनी बेरहमी से पंजाब पुलिस ने जालंधर रेलवे स्टेशन पर इस बुजुर्ग रिक्शा चालक की पिटाई की, जो एक विकलांग शख्स को छोड़ने के लिए वहां आया था।"
अकाली दल विधायक मनजिंदर सिंह सिरसा ने इसी आगे लिखा, "मैं उन पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करता हूं जिन्होंने अपनी मानवता को अलग रखा और अपने पद का दुरुपयोग किया।" फिलहाल इस वीडियो के वायरल होने के बाद यूजर्स जमकर प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications