सामने आया छत्तीसगढ़ के सुकमा में नक्सलियों के खिलाफ हुए 'ऑपरेशन प्रहार' का वीडियो
नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ के सुकमा में पिछले दिनों हुए एक ज्वाइंट ऑपरेशन, 'ऑपरेशन प्रहार' का वीडियो जारी किया गया है। पिछले दिनों छत्तीसगढ़ पुलिस और सीआरपीएफ की ओर से एक ज्वॉइन्ट ऑपरेशन चलाया गया था जिसे 'ऑपरेशन प्रहार' नाम दिया गया था। कहा गया है कि इस ज्वॉइन्ट ऑपरेशन के बाद नक्सलियों के आत्मविश्वास में भी कमी आई थी। सुरक्षा बलों ने सुकमा के काफी अंदर जाकर इस ऑपरेशन को अंजाम दिया था।

कौन-कौन था ऑपरेशन का हिस्सा
यह वीडियो 52 सेकेंड का है। सुकमा के टोंडामारका के घने जंगलों में इस ऑपरेशन को अंजाम दिया गया था। नक्सलियों की पहली बटालियन जिसमें कई टॉप नक्सल कमांडर शामिल थे इस ऑपरेशन में निशाना बनाए गए थे। छत्तीसगढ़ पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स, डिस्ट्रीक्ट रिजर्व ग्रुप (डीआरजी), सीआरपीएफ और इसकी कमांडो टीम कोबरा भी इस ऑपरेशन में शामिल थी। यह ऑपरेशन उस इंटेलीजेंस के बाद चलाया गया था जिसमें बस्तर के अंदरुनी इलाकों में नक्सलियों की छिपी हुई जगह के बारे में जानकारी मिली थी। ऑपरेशन करीब 56 घंटे तक चला और रविवार 25 जून को खत्म हुआ था। बस्तर के डीआईजी पी सुंदर राज ने बताया था कि बड़ी संख्या में नक्सली इस ऑपरेशन में मारे गए जिसमें कई सीनियर कैडर भी शामिल थे। हालांकि उस समय डीआईजी ने कहा कि नक्सलियों की मौत के आंकड़ों के बारे में जांच के बाद ही ऐलान किया जाएगा।
खत्म हो गया गांववालों का मिथ
डीजीआई सुंदर राज ने ऑपरेशन प्रहार को एक सफल ज्वॉइन्ट ऑपरेशन करार दिया था जिसमें सुरक्षाबल नक्सलियों के इलाके में दाखिल हुए और फिर उन्हें कड़ी टक्कर दी। उन्होंने आगे बताया था कि इस तरह के एंटी-नक्सल ऑपरेशन आगे भी जारी रहेंगे। आने वाले समय में भी नक्सलियों को निशाना बनाया जाता रहेगा और उनके नेटवर्क पर इस तरह से हमले होते रहेंगे। इस ऑपरेशन में नक्सलियों के सेक्शन कमांडर कोरसा महेश की भी मौत हो गई थी। महेश पर आठ लाख रुपए का ईनाम था और उसके पास से एक एसएलआर यानी सेल्फ लोडिंग राइफल भी बरामद हुई थी। सुकमा के एसपी अभिषेक मीणा का कहना था कि यह पहली बार है जब ज्वॉइन्ट फोर्स एक ऐसे इलाके के अंदर तक दाखिल हुई थी जहां से टॉप नक्सली ऑपरेट करते हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि इस ऑपरेशन के बाद यह गांववालों का यह मिथ भी दूर हो गया कि कोई भी नक्सलियों के बेस तक नहीं पहुंच सकता है।












Click it and Unblock the Notifications