कश्मीर में आतंकी दानिश अहमद ने किया सरेंडर, सेना को मिली एक और कामयाबी
श्रीनगर। बुधवार को कश्मीर में सेना को एक और बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। घाटी के टॉप आतंकवादी दानिश अहमद ने हंदवाड़ा पुलिस और सेना की 21 राष्ट्रीय राइफल्स के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। आपको बता दें कि जब सेना ने कश्मीर में हिजबुल मुजाहिद्दीन कमांडर सबजार भट को मार गिराया था तो उसके बाद दानिश अहमद का एक वीडियो सामने आया था।

पत्थरबाजी में था शामिल
पुलिस का कहना है कि अहमद का जो वीडियो आया था उसमें वह ग्रेनेड लिए हुए नजर आ रहा था। इस वीडियो को साउथ कश्मीर के त्राल, अवंतिपोर में स्थानीय मीडिया की ओर से उस समय तैयार किया गया था जब भट के जनाजे के समय काफी भीड़ मौजूद थी। पुलिस के मुताबिक जांच के दौरान आतंकी की पहचान दानिश अहमद के तौर पर की गई। यह कुलगाम का रहने वाला है और इसके पिता का नाम फारूक अहमद है। दानिश, दून कृषि विज्ञान और तकनीक पीजी कॉलेज से बीएससी की पढ़ाई कर रहा था। पुलिस के मुताबिक दानिश को वर्ष 2016 में हंदवाड़ा में हुए पत्थरबाजी की घटनाओं में शामिल पाया गया था। उसे पुलिस ने पकड़ा था लेकिन उसके करियर को देखते हुए उसे काउंसलिंग के बाद छोड़ कर दिया गया था।
आतंकियों के संपर्क में था दानिश
पुलिस और सेना ने उसके माता-पिता को बुलाकर उसे आत्मसमर्पण करने को कहा था। उसके माता-पिता को बताया गया था कि अहमद अगर आत्मसमर्पण कर देता है तो उसके साथ अच्छा बर्ताव होगा। सुरक्षाबलों की ओर से कई तरह के प्रयास किए गए थे और फिर अहमद ने 21 राष्ट्रीय राइफल्स के सामने सरेंडर कर दिया था। दानिश से जब पूछताछ हुई तो उसने बताया कि वह साउथ कश्मीर में आतंकियों के संपर्क में थो और उनके जोर देने पर वह हिजबुल का हिस्सा बन गया था। उससे नॉर्थ कश्मीर के कुछ युवाओं को सक्रिय करने के लिए कहा गया था और उसे यह सुनिश्चित करना था कि घाटी में आतंकी वारदातों में तेजी आए। हालांकि बाद में उसे लगा कि यह बिल्कुल बेकार काम है और फिर उसने सरेंडर करने का फैसला किया।












Click it and Unblock the Notifications