VHP का दावा- राम मंदिर के लिए चंदा इकट्ठा करने की वजह से हुई रिंकू शर्मा की हत्या, पुलिस ने किया इनकार
नई दिल्ली। देश की राजधानी में हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यह घटना 10 फरवरी की है जब महज एक रेस्टोरेंट को बंद कराने के लिए शुरू हुए विवाद में एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके में स्थित एक रेस्टोरेंट में बर्थडे पार्टी के दौरान झगड़ा हो गया था। इस दौरान एक व्यक्ति घायल हो गया था, उसे चाकू मार दिया गया था, बाद में व्यक्ति की मौत हो गई।
Recommended Video

पुलिस के अनुसार यह पूरा विवाद रेस्टोरेंट को बंद करने को लेकर शुरू हुआ था। इस घटना में शामिल सभी लोग एक दूसरे को जानते हैं। घटना के बाद चार लोगों को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दिल्ली पुलिस का कहना है कि इस घटना को किसी भी और विवाद से जोड़ा जाना गलत है। बता दें कि इस तरह की रिपोर्ट सामने आई थी कि जय श्री राम का नारा लगाने की वजह से युवक की हत्या कर दी गई थी, लेकिन दिल्ली पुलिस ने इसपर सफाई देते हुए कहा कि यह विवाद रेस्टोरेंट में बर्थडे पार्टी को लेकर है, इस घटना का किसी भी और विवाद से लेनादेना नहीं हैं। वहीं वीएचपी ने दावा किया है कि रिंकू शर्मा की हत्या राम मंदिर के लिए चंदा इकट्ठा करने की वजह से हुई है।
जानकारी के अनुसार जिस व्यक्ति की मौत हुई है उसका नाम रिंकू शर्मा है और वह बजरंग दल व भाजपा की यूथ विंग का सदस्य भी था। रिंकू के परिजनों का कहना है कि पिछले महीने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण को लेकर इलाके में रैली निकाली गई थी। इस दौरान रिंकू की कुछ लोगों से झड़प हो गई थी, हालांकि उस वक्त इलाके के लोगों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हो गया था। लेकिन बाद में फिर इन्ही लोगों ने रिंकू पर हमला किया और चाकू घोंपकर उसे मौत के घाट उतार दिया।
वीएचपी नेता का दावा है कि रिंकू शर्मा वीएचपी का सदस्य था और उसकी हत्या इसलिए कर दी गई क्योंकि वह भगवान राम के मंदिर निर्माण के लिए चंदा इकट्ठा कर रहा था। वीएचपी के ज्वाइंट जनरल सेक्रेटरी सुरेंद्र जैन ने कहा कि हम प्रशासन से अपील करते हैं कि आरोपियों को गिरफ्तार करके उन्हें सख्त से सख्त सजा दी जाए। हालांकि पुलिस ने इन दावों को खारिज किया है। दिल्ली पुलिस के डीसीपी ने कहा कि यह घटना सांप्रदायिक नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications