गुजरात चुनाव: सूरत में प्रचार के दौरान BJP विधायक के ऑफिस में तोड़फोड़
नई दिल्ली। गुजरात विधानसभा चुनावों में भाजपा और कांग्रेस किसी भी तरह की कसर नहीं छोड़ना चाह रही है। जिसे लेकर पार्टियां किसी भी हद तक जा सकती हैं। रविवार रात सूरत के वराछा क्षेत्र में भाजपा और पास के कार्यकर्ता लगातार दूसरे दिन आमने-सामने गए। शनिवार को पास के कार्यकर्ता को पीटने के मामले में विधायक कुमार कानाणी के समर्थकों पर आरोप लगने के बाद रविवार को देर शाम पास के कार्यकर्ताओं ने हीराबाग स्थित विधायक के कार्यालय पर जाकर तोड़फोड़ करने का प्रयास किया। पथराव होने से एक युवक के घायल होने की जानकारी है।

हीराबाग में विधायक कुमार कानाणी का चुनाव कार्यालय शुरू होते ही पास के कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया था। इसके बाद वराछा जोन ऑफिस के पास दिव्य वसुंधरा सोसाइटी में पास के कार्यकर्ता और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच नोकझोंक हुई थी। उसके एक-दो दिन बाद पास के कार्यकर्ता कुणाल को पीटा गया। इसके बाद रविवार देर शाम को पास के कार्यकर्ताओं ने 10 से अधिक बाइक लेकर विधायक कानाणी के हीराबाग ऑफिस पहुंचकर विरोध करना शुरू कर दिया। पास के कार्यकर्ता विरोध कर रहे थे तो किसी अज्ञात व्यक्ति ने पत्थर मार दिया। जिससे एक व्यक्ति को चोट लग गई।
इसके बाद भाजपा और पास के कार्यकर्ता आमने-सामने गए और दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई। घटना की जानकारी होते ही पुलिस पहुंच गई और मामला शांत कराया। तनाव को देखते हुए पुलिस तैनात की गई है। इस घटना के बाद सत्ता और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। गौरतलब है कि अगले महीने गुजरात की कुल 182 सीटों पर मतदान होना है जिसकी प्रक्रिया को दो चरणों में संपन्न किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications