Vande Bharat Sleeper: वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में नहीं मिलेगा RAC, सिर्फ कन्फर्म टिकट! जानिए क्या-क्या बदलेगा?
New Vande Bharat Sleeper Express: भारत की बहुप्रतीक्षित वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस का इंतजार अब खत्म होने वाला है। रेलवे सूत्रों के मुताबिक, अगले सप्ताह यह नई ट्रेन पटरियों पर दौड़ सकती है। खास बात यह है कि यह वंदे भारत सीरीज की पहली स्लीपर ट्रेन होगी।
अब तक देशभर में चल रही वंदे भारत ट्रेनें चेयर कार श्रेणी की हैं, जबकि स्लीपर वर्जन लंबी दूरी की रात्री यात्रा को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इस प्रीमियम स्लीपर सेवा की शुरुआत गुवाहाटी-हावड़ा रूट से की जा रही है, जिससे इस व्यस्त मार्ग पर यात्रा समय करीब 3 घंटे तक कम होने की उम्मीद है।

सिर्फ कन्फर्म टिकट, RAC और वेटिंग लिस्ट नहीं
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट और 9 जनवरी को जारी सर्कुलर के अनुसार, वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस में यात्रियों को RAC (Reservation Against Cancellation), वेटिंग लिस्ट या पार्शियली कन्फर्म टिकट जैसी सुविधाएं नहीं मिलेंगी। सर्कुलर में स्पष्ट किया गया है इस ट्रेन के लिए सिर्फ कन्फर्म टिकट ही जारी किए जाएंगे। सभी उपलब्ध बर्थ एडवांस रिजर्वेशन पीरियड (ARP) से ही बुकिंग के लिए उपलब्ध होंगी। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इससे ऑन-बोर्ड कन्फ्यूजन कम होगा और प्रीमियम स्लीपर अनुभव को बनाए रखा जा सकेगा।
न्यूनतम 400 किमी का किराया अनिवार्य
एक और बड़ा बदलाव किराये से जुड़ा है। यात्रियों को कम से कम 400 किमी दूरी के बराबर किराया देना होगा, भले ही उनकी यात्रा इससे कम दूरी की क्यों न हो। यानी मिनिमम चार्ज 400 किमी का लागू रहेगा। रेलवे के मुताबिक, यह ट्रेन प्रीमियम स्लीपर सेवा है, इसलिए किराया ढांचा भी उसी स्तर पर तय किया गया है।
कितना होगा किराया? (GST अलग से)
वंदे भारत स्लीपर का किराया राजधानी एक्सप्रेस जैसी प्रीमियम ट्रेनों से ज्यादा रखा गया है। प्रति किमी दरें इस प्रकार हैं-
- 3AC: ₹2.4 प्रति किमी
- 2AC: ₹3.1 प्रति किमी
- 1AC: ₹3.8 प्रति किमी
न्यूनतम (400 किमी) किराया
- 3AC: ₹960
- 2AC: ₹1,240
- 1AC: ₹1,520
इन किरायों पर GST अलग से लगाया जाएगा।
सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले सप्ताह वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखा सकते हैं। अन्य ट्रेनों की तरह इसमें भी महिलाओं, दिव्यांगों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए आरक्षण कोटा लागू रहेगा।
रफ्तार और रूट: 120-130 किमी/घंटा
यह ट्रेन फिलहाल 120-130 किमी/घंटा की रफ्तार से चलेगी और असम व पश्चिम बंगाल के प्रमुख जिलों को कवर करेगी। उल्लेखनीय है कि दोनों राज्यों में इस साल चुनाव होने वाले हैं, ऐसे में इस प्रीमियम सेवा को कनेक्टिविटी और विकास के लिहाज से अहम माना जा रहा है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार, नई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में कुल 16 कोच हैं जिसमें 11 कोच 3AC के, 4 कोच 2AC के और 1 कोच 1AC के हैं। जिसमें कुल 823 बर्थ/सीटें हैं। इनमें 3AC में 611 सीटें, 2AC में 188 सीटें और 1AC में 24 सीटें हैं।
आधुनिक सुविधाएं: आराम और सुरक्षा पर जोर
वंदे भारत स्लीपर को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है जिसमें एर्गोनॉमिक डिज़ाइन वाले बेहतर कुशनिंग के साथ आरामदायक बर्थ दिया गया है। सुगम आवागमन के लिए वेस्टिब्यूल वाले स्वचालित दरवाजे, बेहतर सस्पेंशन और कम शोर वाला शांत सफर, 'कवच' स्वचालित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली, आपातकालीन टॉक-बैक सिस्टम और उच्च स्वच्छता मानकों के लिए कीटाणुनाशक तकनीक शामिल है।
यात्रियों के लिए क्या बदलेगा?
वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस के साथ यात्रियों को तेज, सुरक्षित और आरामदायक रात्री यात्रा का नया विकल्प मिलेगा। हालांकि, RAC/वेटिंग लिस्ट नहीं होने और उच्च किराये के चलते यह सेवा प्रीमियम यात्रियों पर अधिक केंद्रित रहेगी। नई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन भारतीय रेल में एक बड़ा बदलाव लेकर आ रही है नई तकनीक, नए नियम और नया किराया ढांचा, जो लंबी दूरी की यात्रा को तेज, सुरक्षित और अधिक सुविधाजनक बनाने का दावा करता है।












Click it and Unblock the Notifications