ऑटो रिक्शा ड्राइवर की बेटी ने टॉप की PCS परीक्षा, मां बोली- भगवान सबको ऐसी बेटी दे
पूनम बेहद सामान्य परिवार से हैं और उनके पिता ऑटो रिक्शा चलाते हैं। गुरुवार को पीसीएस-जे परीक्षा के परिणाम घोषित किए गए।
देहरादून। देश की बेटियां किसी भी मामले में बेटों से कम नहीं हैं। आर्मी हो या पुलिस, स्पोर्ट्स हो या मेडिकल सेवा या फिर राजनीति, देश की बेटियों ने हमेशा ही कामयाबी का परचम लहराया है। एक बार फिर इस बात को साबित किया है उत्तराखंड की पूनम टोडी ने। देहरादून में धर्मपुर की नेहरू कॉलोनी की रहने वाली पूनम ने प्रांतीय सिविल सेवा (पीसीएस-न्यायिक) 2016 में टॉप किया है। पूनम बेहद सामान्य परिवार से हैं और उनके पिता ऑटो रिक्शा चलाते हैं। गुरुवार को पीसीएस-जे परीक्षा के परिणाम घोषित किए गए।

'अपनी बेटियों को, जितना चाहें, उतना पढ़ने दें'
अपने परीक्षा परिणाम से खुश पूनम का कहना है, 'मैंने इस दिन के लिए वास्तव में जी-तोड़ मेहनत की। मेरे हर कदम पर मेरे परिवार ने मेरा साथ दिया। मेरे पिता एक ऑटो रिक्शा ड्राइवर हैं, बावजूद इसके उन्होंने कभी भी मेरी पढ़ाई में पैसे की कमी को आड़े नहीं आने दिया। मैंने पूरी इमानदारी और लगन के साथ मेहनत की। मैं हर माता-पिता से यही कहूंगी कि अपनी बेटियों को, जितना वो चाहें, उतना पढ़ने दें।'

मां की चाहत, सबको ऐसी बेटी मिले
रिजल्ट आने के बाद परिवार में खुशी का माहौल है। वहीं, अपनी बेटी की कामयाबी पर पूनम की मां लता फूली नहीं समा रहीं हैं। ईश्वर को अपनी बेटी की सफलता के लिए धन्यवाद देते हुए लता ने कहा कि भगवान हर मां को पूनम जैसी बेटी दे। पूनम का रिजल्ट आने के बाद उनके घर पर बधाई देने के लिए आस-पड़ोस के लोगों का तांता लगा हुआ है। रिश्तेदारों के फोन की घंटियां भी लगातार घनघना रही हैं।

'हर बेटी अपने मां-बाप का नाम इसी तरह रोशन करे'
पूनम के पिता अशोक टोडी भी अपनी बेटी की कामयाबी पर सीना चौड़ा कर घूम रहे हैं। भावुक होते हुए उन्होंने कहा, 'मेरी प्यारी बेटी ने रात-रात भर जागकर मेहनत की, आज उसे उसकी मेहनत का फल मिला है। पूनम की सफलता में उसकी मेहनत और उसके भाइयों व मां के सपोर्ट का बहुत बड़ा हाथ है। मैं तो खैर अपनी खुशी शब्दों में बयां ही नहीं कर सकता। भगवान करे, हर बेटी अपने मां-बाप का नाम इसी तरह रोशन करे।'












Click it and Unblock the Notifications