प्याज की कीमतों को लेकर हो रहा था प्रदर्शन, कथित BJP समर्थक ने दांत से काटकर अलग कर दी कांग्रेस नेता की अंगुली
Recommended Video
देहरादून। प्याज की कीमत ने आम आदमी के आंसू निकल दिए हैं। हर तरफ प्याज की कीमत को लेकर हाहाकार है। सस्ते में प्याज लेने के लिए लोग किस कदर परेशान है इसका ताजा मामला उत्तराखंड के हल्द्वानी में देखने को मिला है। हल्द्वानी में तिकोनिया में सस्ती दरों पर प्याज बेच रहे कांग्रेस सेवादल के स्टॉल पर एक युवक ने पहुंचकर बवाल करना शुरू कर दिया। जब उसे रोका गया तो उसने महिला पदाधिकारी से बदतमीजी की। हाथापाई होने पर उसने कांग्रेस सेवादल के जिला महामंत्री नंदन सिंह मेहरा की एक अंगुली चबा डाली। गुस्साए लोगों ने आरोपी को पीटकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। शख्स मानसिक रूप से कमजोर बताया जा रहा है और उसका नाम मनीष बिष्ट है।

क्या है मामला
कांग्रेस जिला महासचिव नंदन मेहरा ने कहा कि जब वह साथियों संग प्रदर्शन कर रहे थे तभी मनीष बिष्ट नाम का एक शख्स हमें गालियां देने लगा, लेकिन जब उसे रोकने का प्रयास किया गया तो उसने गुस्से में आकर उंगली काट ली। कांग्रेस नेता ने बताया कि आरोपी बिष्ट ने ना जाने कैसे मेरी उंगली पकड़ ली और उसे दांतों से चबा डाला। जिससे खून बहने लगा। इस बीच पार्टी के कुछ सदस्यों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

कांग्रेस बता रही है बीजेपी समर्थक, भाजपा ने कहा- पार्टी से कोई लेना देना नहीं
कांग्रेस मनीष बिष्ट को बीजेपी समर्थक बता रही है जबकि बीजेपी ने कहा कि शख्स का पार्टी से कोई लेनादेना नहीं है। बीजेपी का कहना है कि कांग्रेस घटना को राजनीतिक रंग देना चाह रही है। आपको बता दें कि कांग्रेस सेवादल के प्रदेश उपाध्यक्ष रमेश गिरी गोस्वामी के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता शुक्रवार को विरोध करने के लिए तिकोनिया चौराहे पर 30 रुपये प्रति किलो की दर से प्याज बेच रहे थे।

इन धाराओं में दर्ज हुआ केस
सूचना पाकर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने भीड़ से खींचकर मनीष बिष्ट को हिरासत में लिया। इस मामले में घायल कांग्रेस कार्यकर्ता नंदन सिंह मेहरा ने थाने में तहरीर दी। पुलिस ने धारा 323, 504, 326 के तहत मनीष सिंह बिष्ट के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।












Click it and Unblock the Notifications